गर्लफ्रेंड से मिलने ग्वालियर से रायगढ़ पहुंचा युवक, पैसे खत्म हुए तो चुराई बाइक
रायगढ़ । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में प्यार के चक्कर में पहुंचे एक युवक के सलाखों के पीछे पहुंचने का अजीबोगरीब मामला सामने आया है. मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिला स्थित मोरार का रहने वाला 28 वर्षीय निर्मल धाकड़ 12 सितंबर को अपनी गर्लफ्रेंड से मिलने रायगढ़ आया था. रायगढ़ आने के बाद जब उसके पास पैसे खत्म हो गए, तो उसने अपने खर्च उठाने के लिए शहर में दोपहिया वाहनों की चोरी करना शुरू कर दिया.
शहर में लगातार हो रही बाइक चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए कोतवाली पुलिस ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) शशी मोहन सिंह के निर्देश पर जांच तेज की. पुलिस ने जब अलग-अलग जगहों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, तो सभी पांच चोरी की वारदातों में एक ही संदिध नजर आया.
इसके बाद 24 सितंबर को पुलिस को सूचना मिली कि गौशाला के पास एक संदिग्ध युवक बाइक चुराने का प्रयास कर रहा है. पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर स्थानीय लोगों को सीसीटीवी से मिला हुलिया दिखाया, जिस पर लोगों ने आरोपी की पहचान की. इसके बाद पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर पुलिस कॉलोनी के पास से आरोपी निर्मल धाकड़ को पीछा करके धर दबोचा.
पूछताछ में पुलिस को पता चला कि आरोपी केवल उन्हीं मोटरसाइकिल और स्कूटरों को अपना निशाना बनाता था, जिनमें चाबी लगी रह जाती थी. वह चोरी की बाइक को तब तक चलाता था जब तक कि उसका पेट्रोल खत्म न हो जाए. पेट्रोल खत्म होते ही वह वाहन को वहीं लावारिस छोड़कर दूसरी बाइक चुरा लेता था.
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर 4 मोटरसाइकिल और 1 स्कूटर समेत कुल 5 दोपहिया वाहन बरामद किए हैं, जिनकी कुल कीमत लगभग 2.50 लाख रुपये आंकी गई है. इस कार्रवाई से कोतवाली थाने में दर्ज चोरी के 5 मामलों का खुलासा हो गया है. पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है.