रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

कोरबा: बाल संप्रेक्षण गृह से फरार हुआ अपचारी बालक

कोरबा के बाल संप्रेक्षण गृह में सुरक्षा की बड़ी चूक, कर्मचारियों को चकमा देकर चोरी का आरोपी नाबालिग फरार.

C

CG Khabar

18 अक्टू. 2026, 07:50 AM 2 मिनट में पढ़ें 25

AI Generated Photo
AI Generated Photo

कोरबा । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में बाल सुधार गृह की सुरक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं. सिविल लाइन थाना क्षेत्र में चोरी के मामले में 27 सितंबर को कोडिया स्थित बाल संप्रेक्षण गृह भेजा गया एक नाबालिग आरोपी कर्मचारियों की लापरवाही का फायदा उठाकर रफूचक्कर हो गया. 

घटना की भनक अधिकारियों को तब लगी जब सुबह के समय सुधार गृह में बच्चों की नियमित गिनती की गई.

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पोंडीबहार निवासी इस अपचारी बालक को करीब 20 दिन पहले ही यहां दाखिल कराया गया था. सुबह के समय ड्यूटी पर तैनात सुरक्षाकर्मी और कर्मचारी रोज की तरह काम में व्यस्त थे और मुख्य द्वार खुला हुआ था. 

इसी का फायदा उठाकर बालक चैनल गेट खोलकर चकमा देते हुए वहां से भाग निकला. संप्रेक्षण गृह से बच्चे के गायब होने की खबर मिलते ही प्रबंधन में हड़कंप मच गया. प्राथमिक स्तर पर खोजबीन करने के बाद मामले की औपचारिक सूचना सीएसईबी पुलिस चौकी को दी गई.

उल्लेखनीय है कि इस संस्थान से नाबालिगों के भागने का यह कोई पहला मामला नहीं है. इससे पहले भी कई बार यहां से अपचारी बालक सुरक्षा व्यवस्था को ठेंगा दिखाकर फरार हो चुके हैं. 

बार-बार होती इन घटनाओं के बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं किए जा रहे हैं. मामले में कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने बालक की पतासाजी शुरू कर दी है और उसके परिजनों तथा रिश्तेदारों से पूछताछ की जा रही है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP