जगदलपुर: इंद्रावती नदी में फंसे 12 लोगों को वायुसेना ने एयरलिफ्ट कर बचाया
इंद्रावती नदी के मुहाने पर रातभर चले खौफनाक मंजर के बीच भारतीय वायुसेना ने जगदलपुर से Mi-17 V5 हेलीकॉप्टर भेजकर 12 लोगों की जान बचाई.
जगदलपुर । संवाददाता: बस्तर संभाग में इंद्रावती नदी के बढ़ते जलस्तर और अचानक आई बाढ़ के कारण एक बड़ा हादसा टल गया. नदी के बीचों-बीच बने टापू और जलभराव वाले हिस्से में रातभर से फंसे 12 ग्रामीणों को भारतीय वायुसेना ने शनिवार को विशेष रेस्क्यू अभियान चलाकर सुरक्षित बाहर निकाल लिया.
संकट में फंसे इन लोगों में दो महिलाएं और तीन मासूम बच्चे भी शामिल थे, जिन्हें जगदलपुर स्थित एयरबेस से रवाना हुए सेना के शक्तिशाली Mi-17 V5 हेलीकॉप्टर की मदद से एयरलिफ्ट किया गया.
स्थानीय प्रशासन से मदद का संदेश मिलते ही वायुसेना ने बिना समय गंवाए राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया था. नदी के तेज बहाव और दुर्गम स्थितियों के बीच वायुसेना के जाबांज पायलटों ने हेलीकॉप्टर से रस्सियों के सहारे एक-एक कर सभी 12 लोगों को ऊपर खींचा और उन्हें सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया.
वायुसेना ने इस पूरे साहसिक ऑपरेशन का वीडियो अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर जारी किया है, जो अब तेजी से वायरल हो रहा है. सेना ने इस त्वरित कार्रवाई के जरिए एक बार फिर विषम परिस्थितियों में आम नागरिकों की सुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता साबित की है.