रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

रायगढ़: हाथी ने धरमजयगढ़ में किसान को सूंड से पटककर किया घायल

धरमजयगढ़ के आमापाली में खेत गए किसान पर तीन हाथियों के दल ने हमला कर दिया. घायल किसान का इलाज जारी है, वहीं वन विभाग सहायता राशि की व्यवस्था में जुटा है.

C

CG Khabar

18 अक्टू. 2026, 08:13 AM 1 मिनट में पढ़ें 34

AI Generated Photo
AI Generated Photo

रायगढ़ । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले अंतर्गत धरमजयगढ़ वन परिक्षेत्र में एक बार फिर हाथियों की मौजूदगी से अफरा-तफरी का माहौल बन गया है. वन मंडल के रिजर्व फॉरेस्ट (आरएफ) 371 क्षेत्र स्थित आमापाली गांव के पास एक किसान हाथियों के हमले का शिकार हो गया. घटना उस वक्त हुई जब आमापाली रेलवे ट्रैक के पास स्थित खेत में 55 वर्षीय श्रवण कुमार नायक रोज की तरह काम करने पहुंचे थे.

अचानक उनके सामने तीन हाथियों का झुंड आ धमका. जब तक श्रवण कुमार अपनी जान बचाकर वहां से भाग पाते, उससे पहले ही एक आक्रामक हाथी ने उन्हें अपनी सूंड से उठाकर जमीन पर दे मारा. इस अचानक हुए हमले में किसान के हाथ में गंभीर फ्रैक्चर आया है.

हाथियों के वहां से जाने के बाद स्थानीय ग्रामीण रामनाथ ने तत्परता दिखाते हुए घायल श्रवण कुमार को अपनी बाइक से सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया और तत्काल वन विभाग को इसकी सूचना दी. 

घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जायजा लिया. विभागीय अधिकारियों द्वारा घायल किसान के समुचित उपचार के लिए तत्परता से सहायता राशि एवं अन्य चिकित्सकीय व्यवस्थाएं की जा रही हैं.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP