CSVTU का फैसला: छात्रों के लिए N-4 नियम खत्म, अब नहीं लगेगा ईयर बैक
विश्वविद्यालय की कार्यपरिषद की बैठक में लिए गए इस महत्वपूर्ण निर्णय से इंजीनियरिंग और फार्मेसी सहित विभिन्न तकनीकी पाठ्यक्रमों के हजारों छात्रों को ईयर बैक और डिटेन (वर्ष रुकने) होने की परेशानी से मुक्ति मिल जाएगी. अब विद्यार्थियों का पूरा एक साल बर्बाद नहीं होगा और उनका शैक्षणिक भविष्य सुरक्षित रहेगा.
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ स्वामी विवेकानंद तकनीकी विश्वविद्यालय (CSVTU) ने अपने पुराने विद्यार्थियों को एक बड़ी राहत दी है. विश्वविद्यालय प्रशासन ने लंबे समय से चले आ रहे 'N-4 (एन माइनस फोर)' नियम को पूरी तरह से समाप्त कर दिया है.
विश्वविद्यालय की कार्यपरिषद की बैठक में लिए गए इस महत्वपूर्ण निर्णय से इंजीनियरिंग और फार्मेसी सहित विभिन्न तकनीकी पाठ्यक्रमों के हजारों छात्रों को ईयर बैक और डिटेन (वर्ष रुकने) होने की परेशानी से मुक्ति मिल जाएगी. अब विद्यार्थियों का पूरा एक साल बर्बाद नहीं होगा और उनका शैक्षणिक भविष्य सुरक्षित रहेगा.
विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. अरुण अरोरा ने स्पष्ट किया कि एआईसीटीई (AICTE) पाठ्यक्रम के तहत पढ़ाई कर रहे पुराने छात्रों के लिए यह छूट दी गई है.
केंद्र सरकार की नई नीतियों और राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) के लागू होने से एआईसीटीई व्यवस्था में बदलाव की संभावना है, जिससे छात्रों का भविष्य प्रभावित न हो, इसलिए यह फैसला लिया गया. हालांकि, राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत दाखिला लेने वाले नए छात्रों पर पुराने नियम ही लागू रहेंगे.
N-4 नियम के अनुसार, पांचवें सेमेस्टर में जाने के लिए पहले सेमेस्टर के सभी विषयों में पास होना अनिवार्य था. यदि एक भी विषय रुक जाता, तो छात्र को पूरे एक साल के लिए डिटेन कर दिया जाता था.
इसी तरह छठवें सेमेस्टर के लिए दूसरे सेमेस्टर के सभी विषय क्लियर होने जरूरी थे. इस नियम के कारण कई छात्रों का साल पिछड़ जाता था. अब इस नियम के खत्म होने से हजारों छात्रों को आगे की पढ़ाई जारी रखने का सीधा रास्ता मिल गया है.