शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

छत्तीसगढ़: राज्य प्रशासनिक सेवा के 23 अधिकारियों के तबादले

छत्तीसगढ़ सरकार ने राज्य प्रशासनिक सेवा (एसएएस) में बड़े पैमाने पर फेरबदल करते हुए दो अलग-अलग आदेशों के माध्यम से कुल 23 अधिकारियों की नई पदस्थापना सूची जारी की है.

C

CG Khabar

17 अक्टू. 2026, 07:43 PM 2 मिनट में पढ़ें 32

ट्रांसफऱ
ट्रांसफऱ

रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ सरकार ने राज्य प्रशासनिक सेवा (एसएएस) में बड़े पैमाने पर फेरबदल करते हुए दो अलग-अलग आदेशों के माध्यम से कुल 23 अधिकारियों की नई पदस्थापना सूची जारी की है. सामान्य प्रशासन विभाग की उप सचिव क्लेमेन्टीना लकड़ा द्वारा 16 अक्टूबर 2026 को जारी इस नवीन आदेश में 29 सितंबर 2026 के पुराने आदेशों में संशोधन करते हुए प्रवर, वरिष्ठ और कनिष्ठ श्रेणी के अफसरों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया गया है.

इस प्रशासनिक सर्जरी के तहत कई जिलों में नए अपर कलेक्टर तैनात किए गए हैं. शिम्मी नाहिद को रायपुर का नया अपर कलेक्टर नियुक्त किया गया है, जबकि वीरेंद्र लकड़ा और राजकुमार तंबोली को जांजगीर-चांपा तथा प्रकाश कुमार भारद्वाज को कोरबा का अपर कलेक्टर बनाया गया है. 

वहीं योगिता देवांगन को राजनांदगांव और चंद्रिका प्रसाद बघेल को बस्तर में अपर कलेक्टर पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है. 

इसके अतिरिक्त, अलग से जारी किए गए पांच अधिकारियों के स्थानांतरण आदेश में भिलाई चरौदा नगर निगम के आयुक्त दशरथ सिंह राजपूत को सारंगढ़-बिलाईगढ़ का अपर कलेक्टर तथा पंचायत विभाग के उप सचिव भागवत प्रसाद जायसवाल को उत्तर बस्तर कांकेर का अपर कलेक्टर बनाया गया है.

प्रशासनिक पुनर्गठन के दौरान कुछ अधिकारियों के विभागों में भी बदलाव देखने को मिला है. शिव कुमार गुप्ता को छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार मंडल के सचिव पद के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त करते हुए अब इस पद पर गिरीश कुमार रामटेके की नियुक्ति की गई है. 

इसके साथ ही संगीता अग्रवाल को नवा रायपुर स्थित चिकित्सा शिक्षा संचालनालय में संयुक्त संचालक और मोनिका जय नशीने को माध्यमिक शिक्षा मंडल में उपसचिव बनाया गया है.

अन्य अधिकारियों की पदस्थापना की बात करें तो अनुराग राणा को नारायणपुर में संयुक्त कलेक्टर और अरूण कुमार खलखो को बलौदाबाजार-भाटापारा में डिप्टी कलेक्टर नियुक्त किया गया है. 

राहुल कुमार रजक को दुर्ग कलेक्टर कार्यालय में वरिष्ठ श्रेणी तथा हेमलता डहरिया को भू-अभिलेख कार्यालय में उपायुक्त पद पर भेजा गया है. 

इसके अलावा, जांजगीर-चांपा में ओम विकास टंडन व ऋचा सिंह तथा दुर्ग में सृष्टि चंद्राकर को डिप्टी कलेक्टर बनाया गया है. गीता ठाकुर को बिलासपुर स्थित राजस्व निरीक्षक प्रशिक्षण शाला का प्राचार्य नियुक्त किया गया है, जबकि प्रफुल्ल कुमार रजक और परिवीक्षाधीन अधिकारी मृणमयी शुक्ला को मुंगेली तथा दिलीप कुमार उइके को कोंडागांव में डिप्टी कलेक्टर के पद पर पदस्थ किया गया है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP