बिलासपुर: 3 साल की मासूम को बचाने आगे आई दादी पर चाकू से हमला, इलाज के दौरान मौत
मासूम पोती की रक्षा करते हुए बिलासपुर के मेंड्रा गांव में एक दादी ने अपनी जान गंवा दी. आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है.
बिलासपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में पुरानी रंजिश के चलते तीन साल की मासूम बच्ची को निशाना बनाने पहुंचे एक युवक ने बीच-बचाव करने आई उसकी बुजुर्ग दादी पर जानलेवा हमला कर दिया. चाकू के कई वार सहने के बाद गंभीर रूप से घायल महिला ने इलाज के दौरान अस्पताल में दम तोड़ दिया. सकरी थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और कानूनी कार्रवाई में जुट गई है.
यह सनसनीखेज मामला ग्राम मेंड्रा का है, जहां 17 अक्तूबर की रात लगभग 8:30 बजे मासूम बच्ची अपने पड़ोस में खेल रही थी. उसी दौरान गांव का ही 26 वर्षीय प्रशांत शुक्ला हाथ में धारदार चाकू लेकर वहां आ धमका और बच्ची को जबरन अपने साथ घसीटकर ले जाने की कोशिश करने लगा. आरोपी की नीयत बच्ची को नुकसान पहुंचाने और उसकी हत्या करने की थी.
बच्ची को खतरे में देख उसकी मां और 56 वर्षीया दादी राजकुमारी यादव तुरंत हरकत में आईं और आरोपी को रोकने के लिए सामने खड़ी हो गईं.
खुद को घिरता देख और बच्ची को छीनने की कोशिश से बौखलाए आरोपी प्रशांत शुक्ला ने दादी राजकुमारी यादव पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला बोल दिया. हमले में अत्यधिक खून बह जाने के कारण महिला वहीं लहूलुहान होकर गिर पड़ी.
चीख-पुकार सुनकर जब आसपास के ग्रामीण मौके की ओर दौड़े, तो आरोपी पकड़ाने के डर से अंधेरे का फायदा उठाकर वहां से फरार हो गया. परिजनों ने आनन-फानन में गंभीर रूप से घायल राजकुमारी यादव को सिम्स अस्पताल भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी प्रशांत शुक्ला को हिरासत में ले लिया है.