रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

GPM जिला: दो अलग-अलग हादसों में 2 लोगों की मौत, 3 की हालत गंभीर

छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (जीपीएम) जिले में रफ्तार का कहर देखने को मिला है. पेंड्रा और मरवाही थाना क्षेत्रों में हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो लोगों की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हैं, जिन्हें बिलासपुर रेफर किया गया है.

C

CG Khabar

18 अक्टू. 2026, 07:18 PM 2 मिनट में पढ़ें 34

सड़क दुर्घटना
सड़क दुर्घटना

पेन्ड्रा । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (जीपीएम) जिले में बेकाबू रफ्तार ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं. जिले के पेंड्रा और मरवाही थाना क्षेत्रों में हुए दो भीषण सड़क हादसों में दो युवकों की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. घायलों की नाजुक स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बिलासपुर सिम्स रेफर किया गया है. इन लगातार हुई घटनाओं के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है, वहीं स्थानीय स्तर पर सड़क सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता गहरा गई है.

पहली दुर्घटना मरवाही थाना इलाके के कुम्हारी स्थित अमोल नर्सरी के पास देर रात लगभग आठ बजे घटी. साप्ताहिक बाजार से लौट रहे ग्राम कटरा निवासी अमृतलाल पाव अपने साथी नरेंद्र सिंह पाव के साथ बाइक से कुलदीप पाव को पंडरीपानी छोड़ने जा रहे थे. इसी दौरान सामने से आ रही एक तेज रफ्तार वेन्यू कार (CG31A8048) के चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए उनकी बाइक को सामने से जोरदार टक्कर मार दी. 

इस हादसे में तीनों सड़क पर गिरकर लहूलुहान हो गए. स्थानीय लोगों की मदद से सभी को मरवाही अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से जिला अस्पताल गौरेला रेफर किए जाने के बाद अमृतलाल पाव ने दम तोड़ दिया. वहीं, कुलदीप की गंभीर स्थिति को देखते हुए बिलासपुर रेफर किया गया है और नरेंद्र का इलाज जारी है.

वहीं, दूसरी घटना पेंड्रा थाना क्षेत्र की कोटमी चौकी अंतर्गत सकोला स्थित राधा-कृष्ण पेट्रोल पंप के पास की है. सेखवा चौरा मोहल्ले के निवासी राजपूत केंवट अपने दो दोस्तों मनीष केंवट और तेरस प्रसाद केंवट के साथ मोटरसाइकिल (CG31C3330) से भाड़ी गांव क्रिकेट खेलने जा रहे थे. रास्ते में पेट्रोल पंप के समीप अपनी बाइक खड़ी कर तीनों सड़क किनारे खड़े थे, तभी भाड़ी की ओर से आ रही पल्सर 150 (CG10AU1279) के चालक ने अनियंत्रित गति से बाइक चलाते हुए उन्हें सीधी टक्कर मार दी. 

इस दुर्घटना में तीनों युवक सड़क पर गिरकर बुरी तरह जख्मी हो गए. जिला अस्पताल गौरेला में इलाज के दौरान राजपूत केंवट की मौत हो गई, जबकि तेरस प्रसाद केंवट को बिलासपुर सिम्स रेफर किया गया और मनीष का उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है.

पुलिस प्रशासन ने दोनों ही मामलों में वैधानिक कार्रवाई करते हुए जांच प्रक्रिया को आगे बढ़ाया है और दुर्घटनाकारियों के खिलाफ साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP