रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

हैदराबाद: डांडिया महोत्सव के दौरान लाइटिंग ट्रस गिरने से 1 छात्रा की मौत, 16 अन्य घायल

तेलंगाना के नादरगुल स्थित MVSR इंजीनियरिंग कॉलेज में सांस्कृतिक उत्सव 'संगमम-2026' के डांडिया कार्यक्रम में दर्दनाक हादसा हुआ. तेज हवाओं के चलते लाइटिंग सिस्टम का ट्रस गिरने से 18 वर्षीय बी.टेक छात्रा की जान चली गई और 16 छात्र घायल हो गए. मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने मामले की जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं.

C

CG Khabar

18 अक्टू. 2026, 08:59 PM 2 मिनट में पढ़ें 60

हैदराबाद डांडिया
हैदराबाद डांडिया

हैदराबाद । डेस्क: तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद के बाहरी इलाके नादरगुल स्थित एमवीएसआर (MVSR) इंजीनियरिंग कॉलेज में शनिवार रात एक सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान बड़ा हादसा हो गया. कॉलेज में आयोजित डांडिया उत्सव के दौरान अचानक लाइटिंग ट्रस (लोहे का ढांचा) गिरने से एक 18 वर्षीय छात्रा की मौत हो गई, जबकि 16 अन्य छात्र घायल हो गए.

मृतक छात्रा की पहचान वनापर्ति जिले की रहने वाली नारायणदास सोना के रूप में हुई है, जो बी.टेक प्रथम वर्ष की पढ़ाई कर रही थी. हादसे के तुरंत बाद गंभीर रूप से घायल सोना को पास के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया.

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि अचानक आई तेज हवाओं के कारण मंच पर लगा भारी-भरकम लाइटिंग सिस्टम धराशायी हो गया. हादसे के बाद तुरंत पुलिस बल मौके पर पहुंचा और राहत कार्य शुरू किया. घायल छात्रों को प्राथमिक उपचार के बाद यशोदा अस्पताल में स्थानांतरित किया गया, जिनमें से 10 छात्रों को प्राथमिक इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई है.

यह दुर्घटना कॉलेज के दो दिवसीय राष्ट्रीय स्तर के तकनीकी और सांस्कृतिक उत्सव 'संगमम-2026' (Sangamam-2026) के तहत आयोजित डांडिया नाइट के दौरान हुई, जिसमें कई कॉलेजों के छात्र भाग ले रहे थे. घटना के बाद आक्रोशित छात्रों और अभिभावकों ने कॉलेज प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए आयोजकों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है.

तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने इस दर्दनाक हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मृतक छात्रा के परिजनों के प्रति संवेदना जताई है. मुख्यमंत्री ने प्रशासन को घायल छात्रों के समुचित इलाज के निर्देश दिए हैं और हादसे की गहन जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने के आदेश जारी किए हैं.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP