ग़ाज़ा: इजरायली ड्रोन अटैक में 6 और फ़िलिस्तीनियों की मौत
सीजफायर के बावजूद ग़ाज़ा में इज़रायली ड्रोन हमलों में 6 फ़िलिस्तीनियों की मौत हो गई है. यूनिसेफ के अनुसार युद्धविराम के बाद से 340 से अधिक बच्चे मारे जा चुके हैं, जबकि 14 लाख से ज्यादा लोग खाद्य संकट का सामना कर रहे हैं.
नई दिल्ली । डेस्क: ग़ाज़ा पट्टी में 'सीजफायर' लागू होने के बावजूद हिंसा थमने का नाम नहीं ले रही है. शनिवार को उत्तर, मध्य और दक्षिण ग़ाज़ा में हुए इज़रायली ड्रोन हमलों में कम से कम 6 फ़िलिस्तीनियों की जान चली गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए.
मेडिकल और आपातकालीन कार्यकर्ताओं के अनुसार, हमलों की ताज़ा घटना जबालिया शरणार्थी शिविर, रफ़ाह के अल-मवासी क्षेत्र, देयर अल-बलाह और ग़ाज़ा शहर के तुफ़ाह इलाके में दर्ज की गई.
ग़ाज़ा के स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक, अक्टूबर 2025 में हुए अमेरिका मध्यस्थता वाले युद्धविराम के बाद से अब तक 1,511 फ़िलिस्तीनी मारे जा चुके हैं और 5,000 से अधिक घायल हुए हैं.
संयुक्त राष्ट्र बाल कोष (UNICEF) ने भी स्थिति पर गहरी चिंता जताते हुए कहा है कि सीजफायर की शुरुआत से अब तक 340 से अधिक बच्चों की जान जा चुकी है. इसके अलावा, क्षेत्र में लगभग 8 लाख बच्चे बेघर हैं जो बुनियादी सुविधाओं के अभाव में तंबूओं में रहने को मजबूर हैं, जबकि गज़ा में 14 लाख से अधिक लोग गंभीर खाद्य संकट का सामना कर रहे हैं.