ग्वालियर: बेकाबू ट्रक ने शीतला माता मंदिर में श्रद्धालुओं को रौंदा, 12 की मौत, 39 घायल
मध्यप्रदेश के ग्वालियर में शीतला माता मंदिर दर्शन के लिए जा रहे श्रद्धालुओं के साथ रविवार तड़के चिनौर की तरफ से आ रहे एक अनियंत्रित और धान से लदे ट्रक ने मंदिर परिसर के बाहर बैरिकेड्स तोड़ते हुए श्रद्धालुओं को अपनी चपेट में ले लिया. हादसे में 12 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 39 लोग घायल हुए हैं.
ग्वालियर । डेस्क: मध्यप्रदेश के ग्वालियर में शीतला माता मंदिर दर्शन के लिए जा रहे श्रद्धालुओं के साथ रविवार तड़के चिनौर की तरफ से आ रहे एक अनियंत्रित और धान से लदे ट्रक ने मंदिर परिसर के बाहर बैरिकेड्स तोड़ते हुए श्रद्धालुओं को अपनी चपेट में ले लिया. हादसे में 12 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 39 लोग घायल हुए हैं. घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
ग्वालियर एसएसपी धर्मवीर सिंह के अनुसार, यह घटना रात करीब 1:30 बजे की है. जिस मार्ग पर यह हादसा हुआ, वहां भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित था. इसके बावजूद बेकाबू ट्रक पुलिस चेकिंग पॉइंट और स्टॉपर को तोड़ते हुए मंदिर के बाहरी गेट और दीवार से जा टकराया.
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और एम्बुलेंस की टीमें मौके पर पहुंचीं और घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया. घायलों में से 5 से 6 लोगों की स्थिति गंभीर बनी हुई है, जिन्हें गंभीर फ्रैक्चर आए हैं. वहीं ड्यूटी पर तैनात दो पुलिसकर्मी भी इस दुर्घटना में घायल हुए हैं.
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रक की रफ्तार बेहद तेज थी और वह ओवरलोडेड था. अचानक आए इस ट्रक ने सड़क किनारे बनी दुकानों और लोगों को रौंद दिया, जिससे कई लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया.
ग्वालियर कलेक्टर रुचिका चौहान ने बताया कि नवरात्रि के चलते मंदिर मार्ग पर सुरक्षा के इंतजाम किए गए थे. फिलहाल आरटीओ टीम वाहन की तकनीकी जांच कर रही है और इस बात की पड़ताल की जा रही है कि नो-एंट्री और बैरिकेड्स के बावजूद ट्रक मंदिर वाले रास्ते में कैसे घुसा.