लोकतंत्र की आवाज दबाने के लिए छात्राओं पर क्रूर अत्याचार- राहुल गांधी
लोक सभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने दिल्ली पुलिस पर प्रदर्शनकारी छात्रों और महिलाओं के खिलाफ बल प्रयोग करने का गंभीर आरोप लगाया है.
नई दिल्ली । डेस्क: लोक सभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने दिल्ली पुलिस पर प्रदर्शनकारी छात्रों और महिलाओं के खिलाफ बल प्रयोग करने का गंभीर आरोप लगाया है. उन्होंने कहा कि सत्ता में बैठे लोगों से सवाल पूछने वाली आवाजों को दबाने और लोगों को डराने की नीयत से इस तरह की क्रूर कार्रवाई की गई है.
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर जारी एक संदेश में कांग्रेस नेता ने पुलिसिया कार्रवाई की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए कहा कि दिल्ली पुलिस की बर्बरता ने शर्म की सारी सीमाएं लांघ दी हैं.
राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि लोकतंत्र और अपने अधिकारों के लिए आवाज उठा रहीं छात्राओं और महिलाओं के साथ यौन उत्पीड़न, कपड़े खींचने और मारपीट जैसी हरकतें की गईं.
उन्होंने इसे लोगों को इतना अपमानित और भयभीत करने की साजिश का हिस्सा बताया, ताकि कोई फिर से सवाल उठाने की हिम्मत न कर सके.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर सीधा हमला बोलते हुए राहुल गांधी ने कहा कि यह हिंसा सत्ता खोने के डर का नतीजा है.
इसके साथ ही उन्होंने प्रदर्शनकारी युवतियों के साथ अपनी बातचीत का एक 10 मिनट का वीडियो भी साझा किया, जिसमें पीड़ित महिलाओं ने पुलिस कर्मियों पर बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं.
युवतियों ने पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है, जिस पर राहुल गांधी ने उन्हें साक्ष्य जुटाने में मदद करने का आश्वासन दिया ताकि दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कानूनी मामला दर्ज कराया जा सके.