बलरामपुर: चरित्र शंका के चलते पति ने पत्नी की डंडे से मारकर की हत्या
छत्तीसगढ़ के बलरामपुर के कोटागहना गांव में चरित्र शंका के विवाद में पति ने अपनी पत्नी को डंडे से पीट-पीटकर मार डाला. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.
बलरामपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में राजपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम कोटागहना में एक व्यक्ति ने अपनी ही पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी. वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई शुरू की और आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है.
पुलिसिया छानबीन और आरोपी से हुई पूछताछ में यह बात सामने आई है कि पति अपनी पत्नी के आचरण को लेकर अक्सर शंका जाहिर करता था. घटना वाले दिन जब पत्नी फोन पर किसी से बातचीत कर रही थी और अपने दो साल के बेटे को साथ ले जाने की बात पर अड़ गई, तो दोनों के बीच विवाद काफी बढ़ गया. गुस्से में आकर पति ने घर में पड़े लकड़ी के भारी डंडे से पत्नी के सिर पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया. गंभीर चोट लगने के कारण महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया.
मामले की शुरुआत तब हुई जब कोटागहना ग्राम पंचायत के उपसरपंच अनिल तिवारी ने राजपुर थाने पहुंचकर घटना की जानकारी दी. उनकी शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत हत्या का अपराध पंजीबद्ध कर जांच आगे बढ़ाई. पुलिस की टीम ने तुरंत घटनास्थल का मुआयना किया, साक्ष्य जुटाए और गांव के लोगों के बयान दर्ज किए.
हिरासत में लिए जाने के बाद आरोपी रामवृक्ष कोरवा उर्फ पिंटू (35 वर्ष) ने पुलिस के सामने अपना गुनाह स्वीकार कर लिया. उसकी निशानदेही पर पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल किया गया लकड़ी का डंडा और मृतका चिंतामणि कोरवा के कपड़े बरामद कर जब्त कर लिए. पर्याप्त सबूत मिलने पर पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है.