छत्तीसगढ़ के 28 ज़िलों में बारिश का यलो अलर्ट
रायपुर | संवाददाता : छत्तीसगढ़ में पिछले 24 घंटों के दौरान ज्यादातर इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई. सबसे ज्यादा 52.2 मिमी बारिश बीजापुर ज़िले के भोपालपटनम में रिकॉर्ड की गई. मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक इसी तरह का मौसम बने रहने का अनुमान जताया है.
रविवार को प्रदेश के 28 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है. विभाग ने बिजली गिरने, गरज-चमक के साथ बारिश होने और तेज़ हवा चलने की संभावना जताई है. हालांकि बालोद, दुर्ग, राजनांदगांव, बेमेतरा और कबीरधाम जिलों में मौसम सामान्य रहने की संभावना है.
भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक, मॉनसून सीज़न की शुरुआत से अब तक छत्तीसगढ़ में 1024.7 मिमी बारिश हो चुकी है. सबसे ज्यादा बारिश बलरामपुर ज़िले में 1367.4 मिमी दर्ज की गई है, जो सामान्य से 51% अधिक है.
इसी तरह सबसे कम बारिश बेमेतरा ज़िले में 482.6 मिमी दर्ज की गई, जो सामान्य से 50% कम है. अन्य जिलों बस्तर, राजनांदगांव और रायगढ़ में वर्षा का स्तर सामान्य के आसपास रहा है.
मौसम विभाग का कहना है कि अगले 72 घंटों तक छत्तीसगढ़ के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होती रहेगी. मैदानी इलाकों में कभी-कभी तेज़ बौछारें पड़ सकती हैं, वहीं सरगुजा और बस्तर संभाग के कुछ हिस्सों में भारी वर्षा की संभावना है.
विशेषज्ञों के मुताबिक, इस सीज़न में औसत से कम बारिश वाले ज़िलों के लिए आने वाले हफ्ते अहम रहेंगे, क्योंकि सितंबर के अंत तक प्रदेश की कृषि और जलस्तर पर इसका सीधा असर पड़ेगा.