कारेगुट्टालू हिल्स पर आजादी के बाद पहली बार फहराया गया तिरंगा
बीजापुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले स्थित कारेगुट्टालू हिल्स पर स्वतंत्रता के बाद पहली बार भारत का राष्ट्रीय ध्वज 'तिरंगा' फहराया गया. कभी नक्सलियों का अभेद्य किला मानी जाने वाली 'ब्लैक हिल्स' के नाम से प्रसिद्ध इन पहाड़ियों को सुरक्षा बलों ने नक्सलमुक्त घोषित कर दिया है.
वर्ष 2025 में सुरक्षा बलों द्वारा चलाए गए 'ऑपरेशन ब्लैक फॉरेस्ट' की सफलता के बाद यह ऐतिहासिक बदलाव संभव हो सका. इस 21 दिवसीय बड़े नक्सल विरोधी अभियान में 31 नक्सलियों को ढेर किया गया था, जिससे इस क्षेत्र से नक्सलवाद का पूरी तरह सफाया हो गया.
इस ऐतिहासिक विजय के अवसर पर क्षेत्र में तीन दिवसीय 'तिरंगा यात्रा' का आयोजन किया गया, जिसके समापन पर तिरंगा फहराया गया.
प्रदेश के उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने इस घटना को बस्तर के लिए एक मील का पत्थर बताया और कहा कि अब इस क्षेत्र से भय का वातावरण समाप्त हो चुका है. उन्होंने केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) और छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल के जवानों के अदम्य साहस और बलिदान को नमन किया.
वहीं, कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि दूरदराज के इलाकों में फहराता तिरंगा इस बात का प्रमाण है कि राज्य सरकार बस्तर में लोकतंत्र और विकास की नई इबारत लिख रही है. उन्होंने इस सफलता के लिए केंद्र और राज्य नेतृत्व का आभार व्यक्त किया.