रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

24 साल की इस महिला आईएएस का छत्तीसगढ़ कनेक्शन

सबसे कम उम्र की आईएएस अधिकारी ने छत्तीसगढ़ से की है पढ़ाई

H

Hupendra Sharma

28 जून 2025, 09:15 AM 2 मिनट में पढ़ें 2

नेहा बयाडवाल
नेहा बयाडवाल

रायपुर | संवाददाताः 24 साल की महिला आईएएस अधिकारियों में से एक नेहा बयाडवाल इन दिनों सोशल मीडिया पर चर्चा में हैं. नेहा का जन्म भले राजस्थान के जयपुर में हुआ, लेकिन उनका पालन-पोषण और शिक्षा छत्तीसगढ़ में हुई है.


उनकी सफलता की कहानी कुछ अलग ही है. उन्होंने परीक्षा की तैयारी में ध्यान केन्द्रित करने के लिए तीन साल तक सोशल मीडिया और मोबाइल फोन से दूरी बनाकर रखी.

विज्ञापन


इसके बाद साल 2021 में अपने चौथे प्रयास में एआईआर 569 के साथ यूपीएससी परीक्षा पास की. नेहा बयाडवाल के पिता श्रवण कुमार एक वरिष्ठ आयकर अधिकारी हैं. सरकारी नौकरी के कारण उन्हें कई जगहों पर रहना पड़ा और स्कूल भी बदलने पड़े.


नेहा की स्कूली शिक्षा डीपीएस कोरबा और डीपीएस बिलासपुर में हुई. इसके बाद उन्होंने रायपुर के डीबी कॉलेज से इतिहास, अर्थशास्त्र और भूगोल विषयों में स्नातक किया.


वह कॉलेज में टॉपर रही हैं. नेहा ने पिता की सरकारी सेवा से प्रेरित होकर सिविल सेवा में जाने का मन बनाया.


पहले तीन प्रयासों में यूपीएससी की परीक्षा पास नहीं कर पाईं. इसके बाद उसने पढ़ाई की रणनीति बदली और मोबाइल फोन और सोशल मीडिया से पूरी तरह से दूरी बना ली.


तीन साल तक सिर्फ पढ़ाई में ध्यान केन्द्रित किया और आईएएस बनने का लक्ष्य रखा. 


इसी का नतीजा था कि साल 2021 में उन्होंने चौथे प्रयास में यूपीएससी की परीक्षा पास की.


उन्होंने परीक्षा में 960 अंक (साक्षात्कार के 151 अंक) के साथ ऑल इंडिया रैंक (एआईआर) 569 प्राप्त की.


उन्होंने सिर्फ 24 साल की उम्र में अगस्त 2022 में बतौर आईएएस ज्वाइन किया.


फिलहाल वह उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में संयुक्त मजिस्ट्रेट के पद पर तैनात हैं. 

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP