रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

ननों की गिरफ्तारी का मामला गरमाया, छत्तीसगढ़ पहुंचे इंडिया के सांसद

ननों की गिरफ्तारी का मामला गरमाया

H

Hupendra Sharma

29 जुल. 2025, 08:04 AM 4 मिनट में पढ़ें 2

ननों की गिरफ्तारी
ननों की गिरफ्तारी

रायपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के दुर्ग में दो केरल ननों की गिरफ्तारी का मामला गरमाता जा रहा है. इस मामले में दुर्ग से लेकर दिल्ली और केरल तक बहस जारी है. अब इस मुद्दे पर सियासत भी तेज हो गई है.


इस मामले को लेकर केरल भाजपा के महामंत्री अनूप एंटनी रायपुर पहुंचे हैं. अनूप एंटनी उपमुख्यमंत्री और गृहमंत्री विजय शर्मा से मिलने पहुंचे.

विज्ञापन


इस दौरान दोनों के बीच ननों की गिरफ्तारी को लेकर चर्चा हुई. एंटनी जोसेफ मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से भी मुलाकात करेंगे. साथ ही केरल के कई मीडिया प्रतिनिधियों ने भी विजय शर्मा से मुलाकात की है.


वहीं इंडिया गठबंधन के चार सांसद भी छत्तीसगढ़ पहुंचे हैं. सांसद फ्रांसिस जॉर्ज (सांसद लेफ्ट), एनके प्रेमचंदन (आरएसपी सांसद), सप्तगिरी शंकर उल्का (कांग्रेस सांसद), बेनी बेहनन (कांग्रेस सांसद) और अनिल ए थॉमस कैथोलिक नन से आज दुर्ग जेल में मुलाकात करने पहुंचे.


लेकिन जेल प्रशासन ने सांसदों को मिलने से रोक दिया. इसके बाद सांसदों ने धरना शुरू कर दिया. इस बीच सांसदों का जेल के अधिकारियों से बहस भी हुई.


अधिकारियों का कहना था कि मिलने का समय खत्म हो चुका है. सांसदों ने कहा कि यह उनके संवैधानिक अधिकारों का उल्लंघन है. जेल अधिकारियों के साथ बहस और धरने के बाद आखिरकार जेल का गेट खोला गया.


भूपेश बघेल पहुंचे जेल

इस बीच पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी दुर्ग सेंट्रल जेल पहुंचे. उन्होंने कहा कि जब मुझे पता चला कि हमारे सांसद जेल के बाहर खड़े हैं. तब मैं यहां पहुंचा हूं. सांसदों से कहा गया है कि वे कल आएं, ये सभी लोकसभा का सत्र छोड़कर आए हैं. आखिर इन्हें डर किस बात का है. 


इससे पहले सांसदों ने दुर्ग के पूर्व विधायक अरुण बोरा के घर पहुंच कर मुलाकात की थी.


दुर्ग जेल से निकलने के बाद सांसदों का प्रतिनिधि मंडल प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से मिलने निकल गए.


नन निर्देष, तुरंत रिहा करें-थरूर

इस मामले को लेकर कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने छत्तीसगढ़ में केरल की ननों की गिरफ्तारी पर कहा है कि हमारा मानना है कि ये नन, जो पूरी तरह से निर्दोष हैं और जिन्होंने कोई अपराध नहीं किया है, उन्हें तुरंत जेल से रिहा किया जाना चाहिए. इसके अलावा, ऐसी घटनाओं को होने नहीं दिया जाना चाहिए. हमारे देश में भीड़तंत्र के लिए कोई जगह नहीं होनी चाहिए. यह सुनिश्चित करना सरकार की ज़िम्मेदारी है.


वहीं कांग्रेस सांसद हिबी ईडन ने लोकसभा में स्थगन प्रस्ताव नोटिस दिया है. जिसमें उन्होंने घटना पर सदन में चर्चा की मांग की है.


उन्होंने कहा है कि ननों को अवैध तरीके से गिरफ्तारी कर उन पर मनगढंत आरोप लगाया जा रहा है. यह भीड़ हिंसा का हिस्सा है, जो धार्मिक स्वतंत्रता, धर्मनिरपेक्षता और कानून के शासन के मूलभूत सिद्धांतों पर हमला है. 


संसद परिसर में प्रदर्शन

ननों की गिरफ्तारी के विरोध में कल सोमवार को केरल के सांसदों ने संसद परिसर में विरोध प्रदर्शन किया था.


लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने सोशल मीडिया साइट 'एक्स' पर लिखा- छत्तीसगढ़ में 2 कैथोलिक ननों को उनकी आस्था के कारण निशाना बनाकर जेल भेज दिया गया. यह न्याय नहीं, बल्कि भाजपा- आरएसएस का भीड़तंत्र है.


यह एक खतरनाक पैटर्न को दर्शाता है. ये बीजेपी के शासन में अल्पसंख्यकों का सिस्टेमैटिक उत्पीड़न है. यूडीएफ सांसदों ने संसद में विरोध प्रदर्शन किया. हम चुप नहीं बैठेंगे. धार्मिक स्वतंत्रता एक संवैधानिक अधिकार है. हम ननों की तत्काल रिहाई और इस अन्याय के लिए जवाबदेही की मांग करते हैं.


इस पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि मामला मानव तस्करी और धर्मांतरण से जुड़ा हुआ है. अभी जांच जारी है. कानून अपने हिसाब से काम करेगा. इस पर कांग्रेस राजनीति कर रही है, जो दुर्भाग्यपूर्ण है. वहीं दुर्ग रेलवे स्टेशन से बरामद की गई युवती की मां ने बताया कि हमने अपनी बेटी को खुद भेजा था, अपने पैर पर खड़ा होने के लिए.


क्या है पूरा मामला

घटना छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले का है. 25 जुलाई को दुर्ग रेलवे स्टेशन पर दो नन सिस्टर और एक युवक को गिरफ्तार किया गया था.


यह कार्रवाई बजरंग दल कार्यकर्ताओं की शिकायत पर हुई. बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया था कि दो नन सिस्टर और एक युवक छत्तीसगढ़ की तीन आदिवासी युवतियों को बहला-फुसलाकर उत्तर प्रदेश के आगरा ले जा रहे थे.


इनकी योजन लड़कियों को जबरन धर्मांतरण कराने की थी. इसके बाद पुलिस ने मौके से दो नन और युवक को गिरफ्तार कर लिया.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP