रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

BEO को हटाने शिक्षक संघ लामबंद, कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

BEO को हटाने शिक्षक संघ ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

H

Hupendra Sharma

05 सित. 2025, 08:40 AM 2 मिनट में पढ़ें 1

 शिक्षक संघ लामबंद
शिक्षक संघ लामबंद

दंतेवाड़ा | संवाददाता छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले के गीदम ब्लॉक के शिक्षकों ने ब्लॉक शिक्षा अधिकारी (बीईओ) शेख रफीक की पुनः पदस्थापना को लेकर आपत्ति जताई है. शिक्षकों का एक प्रतिनिधिमंडल कलेक्टर कुणाल दुदावत से मुलाकात कर बीईओ को तत्काल हटाने की मांग करते हुए ज्ञापन सौंपा है.


शिक्षकों का आरोप है कि शेख रफीक पूर्व में युक्तियुक्तकरण प्रक्रिया में गड़बड़ी के आरोप में पद से हटाए जा चुके हैं और उनके खिलाफ वर्तमान में भी विभागीय जांच जारी है.

विज्ञापन


शिक्षकों का आरोप है कि बीते सात वर्षों के कार्यकाल के दौरान बीईओ शेख रफीक के खिलाफ पैसे के लेनदेन, पद का दुरुपयोग और भ्रष्टाचार की दर्जनों शिकायतें हुई हैं.


शिक्षकों का कहना है कि जिस अधिकारी पर पहले ही गंभीर आरोप लगे हों, उसे फिर से उसी स्थान पर नियुक्त करना पूरी शिक्षा व्यवस्था को ठेस पहुंचाता है.


संघ ने यह भी आरोप लगाया है कि बीईओ शेख रफीक शिक्षकों से अवैध रूप से पैसे की मांग करता है, जिससे शिक्षकों में भारी नाराजगी व्याप्त है.


शालेय शिक्षक संघ दंतेवाड़ा के जिलाध्यक्ष संतोष कुमार मिश्रा ने चेतावनी दी है कि यदि शासन ने समय रहते बीईओ को नहीं हटाया, तो हम आंदोलन के लिए बाध्य होंगे. शिक्षक अब और अन्याय बर्दाश्त नहीं करेंगे.


प्रांतीय अध्यक्ष शैलेश सिंह ने भी विरोध जताते हुए कहा है कि हम ऐसे अधिकारियों को और बर्दाश्त नहीं कर सकते. यदि कार्रवाई नहीं हुई तो पूरे जिले में उग्र आंदोलन होगा.


उन्होंने कहा कि शेख रफीक मूलतः व्याख्याता पद के अधिकारी हैं, उन्हें उनके मूल पद पर ही भेजा जाए और ब्लॉक शिक्षा अधिकारी जैसे संवेदनशील पद से तत्काल हटाया जाए.


प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर से यह भी अपील की है कि शिक्षा विभाग की गरिमा बनाए रखने और शिक्षकों में विश्वास बहाल करने के लिए इस मामले में तत्काल और सख्त कार्रवाई की जाए.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP