सरगुजा: पानी से भरे गड्ढे में डूबने से 5 साल की बच्ची की मौत
अंबिकापुर । संवाददाता: सरगुजा जिले के लुंड्रा थाना क्षेत्र अंतर्गत सेमरपारा में गुरुवार को पानी से भरे गड्ढे में डूबने के कारण 5 साल की मासूम बच्ची की जान चली गई, जबकि 6 साल का एक अन्य बच्चा जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहा है. यह घटना उस समय घटी जब आंगनबाड़ी केंद्र में बैठक आयोजित होने के कारण बच्चों को निर्धारित समय से पहले ही छुट्टी दे दी गई थी.
गंभीर बच्चे रीतिक को प्राथमिक इलाज के बाद अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया गया है, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उसका उपचार जारी है.
मिली जानकारी के अनुसार, आंगनबाड़ी केंद्र से घर लौटने के दौरान 5 वर्षीय जया विश्वकर्मा और 6 वर्षीय रीतिक खेलते-खेलते केंद्र से करीब 50 मीटर की दूरी पर बन रहे एक निर्माणाधीन प्री-मैट्रिक छात्रावास भवन के पास पहुंच गए थे.
वहां पहले से बने पानी से लबालब गड्ढे में दोनों मासूम अचानक गिरकर डूबने लगे. आसपास मौजूद बच्चों ने जब उन्हें संकट में देखा तो तुरंत शोर मचाया.
बच्चों की आवाज सुनकर पास ही हॉस्टल निर्माण में लगे मजदूर और ग्रामीण आनन-फानन में मौके पर पहुंचे और दोनों को बाहर निकाला, हालांकि तब तक दोनों अचेत हो चुके थे. उन्हें तत्काल निकटतम स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक परीक्षण के उपरांत जया को मृत घोषित कर दिया.
घटना की सूचना मिलते ही महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी जेआर प्रधान और लुंड्रा थाना प्रभारी प्रदीप जायसवाल ने मामले का जायजा लिया.
पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा की गई शुरुआती छानबीन और सीसीटीवी फुटेज के अवलोकन से पता चला कि आंगनबाड़ी सहायिका दोनों बच्चों सहित अन्य मासूमों को उनके घर तक सुरक्षित छोड़ने गई थी, जहां उसने एक धात्री महिला को रेडी-टू-ईट सामग्री भी वितरित की.
घर पहुंचने के बाद ये दोनों बच्चे दोबारा खेलते हुए उस निर्माणाधीन स्थल की ओर चले गए और हादसे का शिकार हो गए. फिलहाल पुलिस परिजनों और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज कर पूरी घटना की विस्तृत जांच कर रही है.