छह साल पहले लापता प्रेमी जोड़े का नरकंकाल मिला, हत्या या हादसा?
अंबिकापुर । संवाददाता: सरगुजा जिले के धौरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत जोरी-बिलमा के जंगलों से करीब छह साल से लापता एक प्रेमी जोड़े के अवशेष नाले के पास दफन मिले हैं. शनिवार को फॉरेंसिक विशेषज्ञों की उपस्थिति में पुलिस ने जमीन खोदकर दो नरकंकाल बरामद किए. घटनास्थल पर मिले कपड़ों के आधार पर परिजनों ने मृतकों की पहचान विनोद कोरवा (19) और ज्योति गोंड़ (17) के रूप में की है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्रामीण जब जंगली इलाके में गए थे, तब उन्हें मिट्टी में दबे हुए कंकाल का आभास हुआ. सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुँचकर खुदाई करवाई, जहाँ अलग-अलग हिस्सों में बिखरे हुए दो कंकाल मिले.
बताया जा रहा है कि यह जोड़ा वर्ष 2020 की गर्मियों में अचानक गायब हो गया था. दोनों अलग-अलग समुदाय से ताल्लुक रखते थे, जिसके कारण उनके परिवार इस रिश्ते के विरोध में थे. लंबे समय तक तलाश के बाद भी जब उनका पता नहीं चला, तो 2023 में विनोद के पिता ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी.
पुलिस को अंदेशा है कि साक्ष्य छुपाने के उद्देश्य से शवों को नाले के पास गड्ढा खोदकर दबाया गया होगा. चूंकि उस इलाके में ग्रामीण खेती करते हैं, इसलिए खुले में शव होने पर बदबू या अन्य संकेतों से इसका खुलासा पहले ही हो जाता.
जांच का एक पहलू यह भी है कि शिकारियों द्वारा जंगली सूअरों के लिए लगाए गए बिजली के तारों की चपेट में आने से दोनों की मौत हुई होगी, जिसके बाद पकड़े जाने के डर से किसी ने उन्हें दफना दिया होगा. धौरपुर थाना प्रभारी आरसी चंद्रा ने स्पष्ट किया है कि मौत के वास्तविक कारणों और शिनाख्त की वैज्ञानिक पुष्टि के लिए कंकालों का डीएनए टेस्ट कराया जा रहा है.