अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर गोलीबारी: कोटा से 3 आरोपी हिरासत में
अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर हुए हमले के मामले में मुंबई पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. कोटा में सुपरफास्ट एक्सप्रेस से तीन आरोपियों को हिरासत में लेकर मुंबई लाया जा रहा है.
मुंबई । डेस्क: मुंबई में बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर हुई ताबड़तोड़ गोलीबारी के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. वारदात के महज 15 घंटे के भीतर अंतर्राज्यीय पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए राजस्थान के कोटा रेलवे स्टेशन से तीन संदिग्धों को हिरासत में ले लिया. यह कार्रवाई पुणे-जयपुर सुपरफास्ट एक्सप्रेस ट्रेन में अंजाम दी गई.
मुंबई पुलिस के डीसीपी राज तिलक रौशन ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों में से एक 18 साल का है और अन्य दो की उम्र 22-22 साल है. इनमें दो आरोपी हरियाणा और एक बिहार का रहने वाला है.
प्राथमिक जांच के अनुसार, आरोपियों ने टाइगर श्रॉफ की गाड़ी पर 5 से 6 राउंड गोलियां चलाई थीं. हमले में इस्तेमाल की गई बाइक मुंबई के अंधेरी (पश्चिम) इलाके से लावारिस हालत में बरामद कर ली गई है.
रविवार शाम को हुई इस घटना में टाइगर श्रॉफ सुरक्षित बच गए, लेकिन उनके ड्राइवर और एक राहगीर को चोटें आई हैं.
घटना के बाद पुलिस की 20 विशेष टीमों ने तकनीकी जांच के आधार पर आरोपियों का पीछा किया. आरोपियों का सुराग सूरत तक मिला, जहां से वे जयपुर जाने वाली ट्रेन में सवार हुए थे. इसके बाद दिल्ली, गुजरात और राजस्थान पुलिस के सहयोग से कोटा स्टेशन पर ट्रेन रोककर तीनों को पकड़ लिया गया.
फिलहाल आरोपियों के पास से कोई हथियार बरामद नहीं हुआ है. जुहू पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता (BNS) और आर्म्स एक्ट की संगीन धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच एंटी-एक्सटॉर्शन सेल (AEC) को सौंप दी गई है. पुलिस सोशल मीडिया पर जिम्मेदारी लेने वाले दावों और इसके पीछे किसी बड़े गिरोह या बाहरी साजिशकर्ता के हाथ होने की आशंका की भी गहनता से जांच कर रही है.