सोम, 19 अक्टू. 2026

CGKhabar

भांजे इमरान खान के देश छोड़ने के नोटिस के बीच राज ठाकरे से मिले आमिर खान

मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ विरोध प्रदर्शन के बाद अभिनेता इमरान खान को एफआरआरओ से नोटिस मिला, जिसके बाद आमिर खान ने राज ठाकरे से मुलाकात की.

C

CG Khabar

19 अक्टू. 2026, 08:01 AM 2 मिनट में पढ़ें 18

आमिर खान
आमिर खान

मुंबई । डेस्क: महाराष्ट्र की राजनीति और बॉलीवुड के गलियारों में रविवार को उस समय हलचल तेज हो गई, जब बॉलीवुड अभिनेता आमिर खान ने मुंबई के दादर स्थित 'शिवतीर्थ' पहुंचकर मनसे (MNS) प्रमुख राज ठाकरे से मुलाकात की. यह मुलाकात ऐसे समय में हुई है जब आमिर खान के भांजे और अमेरिकी नागरिकता प्राप्त अभिनेता इमरान खान कानूनी अड़चनों में फंसे हुए हैं.

दरअसल, 10 अक्टूबर को मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ आयोजित एक विरोध प्रदर्शन के दौरान इमरान खान को हिरासत में लिया गया था. इस घटनाक्रम के बाद फॉरेनर्स रीजनल रजिस्ट्रेशन ऑफिस (FRRO), मुंबई ने इमरान खान को एक 'लीव इंडिया' (भारत छोड़ने का) नोटिस जारी किया, जिसमें उन्हें 28 अक्टूबर तक देश छोड़ने का निर्देश दिया गया है.

इस नोटिस के खिलाफ इमरान खान ने बॉम्बे हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया है. अपनी याचिका में उन्होंने इस नोटिस को गैर-कानूनी, मनमाना और प्राकृतिक न्याय के सिद्धांतों के खिलाफ बताया है. 
इमरान का तर्क है कि बिना उनका पक्ष सुने यह कार्रवाई की गई है, जो संविधान के अनुच्छेद 14 (समानता का अधिकार) और अनुच्छेद 21 (जीवन और व्यक्तिगत स्वतंत्रता का अधिकार) के तहत मिले मौलिक अधिकारों का उल्लंघन है.

दूसरी ओर, एफआरआरओ ने इमरान खान को एक कारण बताओ (Show-Cause) नोटिस भी जारी किया है कि उनकी ओवरसीज सिटीजन ऑफ इंडिया (OCI) कार्डधारक स्थिति को रद्द क्यों न किया जाए.  

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP