रणजी ट्रॉफी: छत्तीसगढ़ के खिलाफ मैदान पर उतरे शुभमन गिल
न्यू चंडीगढ़ में छत्तीसगढ़ के खिलाफ रणजी ट्रॉफी मुकाबले में पंजाब की ओर से खेलने उतरे शुभमन गिल सिर्फ 1 रन बनाकर अजय मंडल की गेंद पर बोल्ड हो गए.
चंडीगढ़ । डेस्क: भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान शुभमन गिल की रणजी ट्रॉफी में वापसी काफी निराशाजनक रही. न्यू चंडीगढ़ के नए पीसीए स्टेडियम में पंजाब और छत्तीसगढ़ के बीच खेले जा रहे मुकाबले में गिल सस्ते में पवेलियन लौट गए. छत्तीसगढ़ के बाएं हाथ के स्पिनर अजय मंडल ने गिल को केवल 1 रन के व्यक्तिगत स्कोर पर क्लीन बोल्ड कर दिया.
छत्तीसगढ़ के खिलाफ चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे 27 वर्षीय गिल क्रीज पर ज्यादा देर नहीं टिक सके. उन्होंने कुल पांच गेंदों का सामना किया. अजय मंडल की सीधी रहती गेंद गिल के बल्ले और पैड के बीच से निकलती हुई सीधे मिडिल स्टंप से जा टकराई, जिससे उन्हें निराशाजनक रूप से वापस लौटना पड़ा.
न्यूजीलैंड के छह हफ्ते लंबे दौरे पर रवाना होने से पहले शुभमन गिल अपनी लय हासिल करने के इरादे से इस मैच में खेलने उतरे थे. इससे पहले वे रणजी ट्रॉफी का पहला दौर नहीं खेल पाए थे.
आगामी न्यूजीलैंड दौरे पर गिल भारतीय टीम की कप्तानी संभालेंगे, जहां भारत को पांच वनडे और दो टेस्ट मैचों की सीरीज खेलनी है. यह दौरा 2027 विश्व कप की तैयारियों और विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) के फाइनल की रेस में बने रहने के लिहाज से भारत के लिए बेहद अहम है.