सोम, 19 अक्टू. 2026

CGKhabar

छत्तीसगढ़: कोरबा में जंगली हाथी के हमले से ग्रामीण की मौत

कोरबा के कटघोरा वनमंडल अंतर्गत खोडरी गांव में हाथियों के मूवमेंट की खबर सुनकर देखने पहुंचे ग्रामीणों पर जंगली हाथी ने हमला कर दिया. हमले में घायल प्रताप सिंह वाकरे की इलाज के दौरान मौत हो गई.

C

CG Khabar

19 अक्टू. 2026, 07:47 AM 2 मिनट में पढ़ें 22

हाथी के हमलें में ग्रामीण की मौत
हाथी के हमलें में ग्रामीण की मौत

कोरबा । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में कटघोरा वनमंडल के पसान रेंज स्थित खोडरी गांव में हाथियों का झुंड देखने गए 40 वर्षीय ग्रामीण प्रताप सिंह वाकरे की हाथी के हमले में जान चली गई. क्षेत्र में लगभग 52 हाथियों का बड़ा दल लगातार डेरा डाले हुए है.

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव के पास हाथियों की चिंघाड़ सुनकर प्रताप सिंह कुछ अन्य ग्रामीणों के साथ उन्हें देखने जंगल की ओर गए थे. इसी दौरान हाथियों के दल में से एक जंगली हाथी ने अचानक ग्रामीणों की ओर दौड़ लगा दी. जान बचाने के लिए बाकी लोग भागने में सफल रहे, लेकिन प्रताप सिंह पीछे छूट गए. हाथी ने अपनी सूंड से जोरदार वार कर उन्हें पास के एक गड्ढे में फेंक दिया और वापस अपने दल में लौट गया.

हाथी के जाने के बाद ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर घायल अवस्था में पड़े प्रताप सिंह को बाहर निकाला. होश आने पर उन्होंने अपने साथ हुई आपबीती ग्रामीणों को बताई. 

घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और उन्हें तुरंत पसान प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया. हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने उन्हें उच्च केंद्र रेफर कर दिया, जिसके बाद परिजन उन्हें इलाज के लिए बिलासपुर ले गए. बिलासपुर के अस्पताल में उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया.

घटना के बाद वन विभाग की ओर से मृतक के परिवार को तात्कालिक वित्तीय सहायता प्रदान की गई है. वन अधिकारियों के अनुसार, जब भी हाथियों का दल बस्तियों के करीब आता है, तो ग्रामीण अक्सर भीड़ जुटाकर और शोर मचाकर उन्हें खदेड़ने का प्रयास करते हैं, जो खतरनाक साबित होता है. 

पसान रेंज में हाथियों की आवाजाही को देखते हुए वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे हाथियों के पास भीड़ न लगाएं और उनसे सुरक्षित दूरी बनाकर रखें.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP