रायपुर: कॉकरोच और फंगस वाली मिठाइयां बेचने वाली 4 दुकानों के लाइसेंस निलंबित
त्यौहारी सीजन से पहले रायपुर में FDA की बड़ी कार्रवाई: दूषित मिठाइयों और कीड़े-मकोड़े मिलने पर 4 प्रसिद्ध प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबित, भारी मात्रा में संदिग्ध पनीर और मिठाइयां जब्त.
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में त्यौहारी सीजन के दौरान लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने वाले खाद्य कारोबारियों पर प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है. खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) की टीम ने तेलीबांधा स्थिति तीन प्रमुख मिठाई दुकानों और पचपेड़ी नाका स्थित एक ढाबे पर अचानक छापेमारी की.
इस दौरान निरीक्षण में पाया गया कि मिठाइयों में मरे हुए कॉकरोच, कीड़े-मकोड़े और बाल मौजूद थे, जबकि चाशनी में फंगस (फफूंद) और मकड़ी के जाले तैर रहे थे.
गंभीर लापरवाही और अत्यधिक गंदगी देखने के बाद FDA अधिकारियों ने तुरंत कदम उठाते हुए चारों प्रतिष्ठानों के खाद्य लाइसेंस निलंबित कर दिए हैं. कार्रवाई के दौरान लगभग 150 किग्रा दूषित मिठाइयों और 10 किग्रा खराब पनीर को मौके पर ही नष्ट करवा दिया गया. इसके अलावा, ढाबे से गुणवत्ता में खराबी के संदेह पर लगभग 50 किग्रा पनीर को अलग से जब्त किया गया है.
निरीक्षण रिपोर्ट के मुताबिक, दुकानों के निर्माण क्षेत्र में भारी गंदगी, दीवारों से उखड़ता पेंट, फ्रीजर में ठूंस-ठूंसकर रखी गई बासी मिठाइयां और बिना ढके रखे खाद्य सामान पाए गए. एक दुकान के कोल्ड स्टोरेज और सीढ़ियों पर तंबाकू थूकने के निशान भी मिले. वहीं, ढाबे की रसोई, बर्तन धोने का स्थान और इडली बनाने की मशीनें बेहद बदहाल स्थिति में पाई गईं.
कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने मावा (खोया), कुंदा, पनीर, बूंदी, बेसन लड्डू, कलाकंद और छेना मिठाइयों सहित कुल 12 खाद्य पदार्थों के सैंपल लेकर प्रयोगशाला जांच के लिए भेजे हैं.
जांच रिपोर्ट 14 दिनों के भीतर आएगी, जिसके आधार पर संचालकों पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल, चारों दुकानों को कम से कम तीन दिनों के लिए पूरी तरह बंद रखने और स्वच्छता मानक सुधारकर अनुपालन रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया गया है.