सोम, 19 अक्टू. 2026

CGKhabar

नेपाल में प्रिया गोल्ड बिस्किट की बिक्री और आयात पर लगा प्रतिबंध

भारतीय खाद्य सुरक्षा नियामक (FSSAI) द्वारा प्रियागोल्ड बिस्किट में पशुओं के चारे वाला चोकर इस्तेमाल करने और स्वच्छता नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई के बाद नेपाल सरकार ने बड़ा कदम उठाया है. नेपाल के खाद्य प्रविधि तथा गुणवत्ता नियंत्रण विभाग ने मानव स्वास्थ्य की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रिया गोल्ड बिस्किट के आयात, बिक्री और वितरण पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है तथा बाजार से सारा स्टॉक वापस मंगाने (Recall) के निर्देश दिए हैं.

C

CG Khabar

19 अक्टू. 2026, 09:13 PM 2 मिनट में पढ़ें 26

Priyagold Biscuits
Priyagold Biscuits

नई दिल्ली । डेस्क: नेपाल सरकार ने भारत की प्रसिद्ध कंपनी सूर्या फूड एंड एग्रो लिमिटेड द्वारा निर्मित 'प्रियागोल्ड' (Priyagold) बिस्किट के आयात, बिक्री और वितरण पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी है. नेपाल के खाद्य प्रविधि तथा गुणवत्ता नियंत्रण विभाग (FTQCD) ने एक आधिकारिक सूचना जारी कर इस उत्पाद को निम्नस्तरीय (Sub-standard) घोषित किया है.

यह कार्रवाई भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) द्वारा सूर्या फूड एंड एग्रो के खिलाफ की गई सख्त कानूनी कार्रवाई के आधार पर की गई है. 

FSSAI ने निरीक्षण के दौरान पाया था कि कंपनी बिस्किट के निर्माण में इंसानी खपत के बजाय पशुओं के चारे के लिए इस्तेमाल होने वाले चोकर का प्रयोग कर रही थी. इसके अलावा फैक्ट्री परिसर में साफ-सफाई, कीट नियंत्रण और खाद्य सुरक्षा से जुड़े कई गंभीर उल्लंघन पाए गए थे, जिसके बाद FSSAI ने कंपनी का लाइसेंस निलंबित कर अभियोजन की कार्रवाई शुरू कर दी.

नेपाल में विभाग के महानिदेशक संजीव कुमार कर्ण की पहल पर आयोजित एक आपातकालीन बैठक में उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य और जनहित को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया. 

नेपाल प्रशासन ने सभी व्यवसायियों, आयातकों और आम उपभोक्ताओं को प्रियागोल्ड बिस्किट न खरीदने और इसकी बिक्री तुरंत रोकने की अपील की है. साथ ही, अधिकृत आयातकों और व्यापारियों को बाजार में मौजूद बिस्किट के सभी स्टॉक को तुरंत वापस (Recall) लेने के सख्त निर्देश दिए गए हैं.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP