सोम, 19 अक्टू. 2026

CGKhabar

अंबिकापुर: शराब के नशे में धुत मिले दुर्ग के दो पुलिसकर्मी, इंसास राइफल लावारिस छोड़ी, सस्पेंड हुए

ड्यूटी में गंभीर लापरवाही: अंबिकापुर बस स्टैंड पर वर्दी में नशे में धुत मिले दुर्ग के दो पुलिसकर्मी, सरकारी इंसास राइफल भी टेबल पर छूटी; एसएसपी ने लिया कड़ा एक्शन, दोनों सस्पेंड.

C

CG Khabar

19 अक्टू. 2026, 08:21 PM 2 मिनट में पढ़ें 22

शराब के नशे में धुत पुलिसकर्मी
शराब के नशे में धुत पुलिसकर्मी

दुर्ग । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में पुलिस महकमे की साख को बट्टा लगाने वाला एक गंभीर मामला सामने आने के बाद दुर्ग पुलिस प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है. रक्षित केंद्र दुर्ग में पदस्थ सहायक उपनिरीक्षक (ASI) जीवन प्रकाश एक्का और आरक्षक क्रमांक 1223 ऋषिकांत त्रिपाठी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है. 

ड्यूटी के दौरान इस प्रकार की घोर अनुशासनहीनता और लापरवाही को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों ने निलंबन अवधि के दौरान दोनों को रक्षित केंद्र दुर्ग में संबद्ध करने तथा नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता देने के निर्देश जारी किए हैं.

यह पूरी कार्रवाई सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे उस वीडियो के बाद हुई है, जिसने पुलिस महकमे के सुरक्षा इंतजामों पर सवाल खड़े कर दिए थे. सरगुजा जिले के अंबिकापुर स्थित नए बस स्टैंड पर दोनों पुलिसकर्मी पुलिस की वर्दी में ही अत्यधिक शराब का सेवन कर जमीन पर बेसुध पड़े दिखाई दिए. 

इससे भी अधिक चिंताजनक बात यह रही कि उनकी सुरक्षा में तैनात सरकारी इंसास राइफल (INSAS Rifle) भी पास ही एक टेबल पर पूरी तरह लावारिस हालत में रखी हुई थी, जिससे बड़ी अनहोनी हो सकती थी.

घटनाक्रम की पृष्ठभूमि के अनुसार, दोनों पुलिस अधिकारियों को 17 अक्टूबर को दुर्ग जिले से एक कैदी को अंबिकापुर केंद्रीय जेल दाखिल कराने यानी मुलजिम पेशी ड्यूटी के लिए सरगुजा भेजा गया था. 
कार्य पूरा करने के बाद 18 अक्टूबर की शाम लगभग 5:40 बजे दोनों नए प्रतीक्षा बस स्टैंड के पास शराब के नशे में धुत होकर पड़े मिले. राहगीरों द्वारा बनाए गए वीडियो के इंटरनेट पर आते ही हड़कंप मच गया, जिसके बाद दुर्ग के वरिष्ठ अधिकारियों ने मामले को अत्यंत गंभीरता से लेते हुए दोनों कर्मियों पर तत्काल निलंबन की गाज गिरा दी.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP