सोम, 19 अक्टू. 2026

CGKhabar

रामानुजगंज: संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे पर झूलता मिला दिव्यांग महिला का शव

रामानुजगंज के वार्ड 12 में दिव्यांग महिला का शव फांसी के फंदे पर लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

C

CG Khabar

19 अक्टू. 2026, 12:45 PM 2 मिनट में पढ़ें 20

फांसी
फांसी

रामानुजगंज । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के रामानुजगंज नगर के वार्ड क्रमांक 12 में सोमवार सुबह एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां 50 वर्षीय दिव्यांग महिला गीता गोस्वामी का शव उनके ही घर के कमरे में फांसी के फंदे से लटकता पाया गया. परिजनों की सूचना पर तत्काल मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है. 

फिलहाल आत्महत्या के स्पष्ट कारणों का खुलासा नहीं हो सका है, लेकिन पुलिस हर संभावित पहलू को ध्यान में रखकर जांच को आगे बढ़ा रही है.

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतका पिछले लंबे समय से गंभीर शारीरिक अस्वस्थता और बीमारियों से परेशान थीं तथा उनका चलना-फिरना भी मुश्किल था.

रविवार की रात करीब 9 बजे वे अपने परिवार के साथ भोजन करने के बाद छत पर स्थित अपने कमरे में सोने के लिए चली गई थीं. 

अगली सुबह जब घर के अन्य सदस्य मंदिर दर्शन के लिए निकले, तब आमोद गोस्वामी ने अपनी पोती को बुआ दादी को चाय के लिए बुलाने ऊपर भेजा. कमरे का दरवाजा भीतर से बंद होने और बार-बार आवाज देने पर भी कोई प्रतिक्रिया न मिलने पर बच्ची ने नीचे आकर परिजनों को इसकी जानकारी दी. 

इसके बाद जब आमोद गोस्वामी ने छत पर जाकर खिड़की से भीतर झांका, तो गीता का शव फंदे पर लटक रहा था. पुलिस का कहना है कि विस्तृत जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगा.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP