सोम, 19 अक्टू. 2026

CGKhabar

जशपुर में विवादित धार्मिक पोस्ट के बाद शिक्षक गिरफ्तार

सोशल मीडिया पर धार्मिक टिप्पणी कर माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वाले जशपुर के एक मिडिल स्कूल शिक्षक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी के पास से मोबाइल भी जब्त किया गया है.

C

CG Khabar

19 अक्टू. 2026, 12:35 PM 2 मिनट में पढ़ें 15

जशपुर में शिक्षक गिरफ्तार
जशपुर में शिक्षक गिरफ्तार

जशपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में सोशल मीडिया पर धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने का मामला सामने आने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक स्कूल शिक्षक को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी की पहचान कुनकुरी थाना क्षेत्र के बिहावत गांव निवासी हेमंत कुमार बेदी (52) के रूप में हुई है, जो बगीचा ब्लॉक के कूदमुरा स्थित मिडिल स्कूल में पदस्थ है. 

पुलिस ने आरोपी के पास से वह मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया है, जिससे उसने यह विवादित पोस्ट शेयर की थी.

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने इस कार्रवाई की पुष्टि करते हुए स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया के जरिए सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने या धार्मिक वैमनस्य फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कदम उठाए जाएंगे. 

इस पूरे विवाद की शुरुआत 15 अक्टूबर को हुई, जब विश्व हिंदू परिषद के जिलाध्यक्ष करनैल सिंह ने फेसबुक पर आरोपी की एक पोस्ट देखी. पोस्ट में हिंदू देवी-देवताओं, धर्मग्रंथों और ऋषि-मुनियों को लेकर बेहद आपत्तिजनक टिप्पणियां की गई थीं, जिससे समुदाय में भारी नाराजगी फैल गई.

मामले की गंभीरता को देखते हुए विहिप जिलाध्यक्ष ने 17 अक्टूबर को कुनकुरी थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी. इसके आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज किया और भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 35(3) के तहत आरोपी को नोटिस तामील कराने उसके गांव पहुंची. 

पुलिस टीम को देखते ही आरोपी शिक्षक ने मौके से भागने का प्रयास किया, लेकिन मुस्तैद जवानों ने उसे खदेड़कर धर दबोचा.

पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपनी गलती स्वीकार कर ली, जिसके बाद पुलिस ने 17 अक्टूबर को ही उसे गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया. फिलहाल पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP