सोम, 19 अक्टू. 2026

CGKhabar

छत्तीसगढ़: कोरबा में बिना अनुमति प्रार्थना सभा, पुलिस ने पास्टर को हिरासत में लिया

छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के ओमपुर में बिना अनुमति प्रार्थना सभा और कथित धर्मांतरण के आरोपों को लेकर हंगामा हो गया. बजरंग दल के प्रदर्शन के बाद पुलिस ने पास्टर समेत कई लोगों को हिरासत में लिया है.

C

CG Khabar

19 अक्टू. 2026, 11:10 AM 2 मिनट में पढ़ें 29

कोरबा प्रार्थना सभा का विरोध
कोरबा प्रार्थना सभा का विरोध

कोरबा । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिला स्थित रजगामार चौकी क्षेत्र के ओमपुर इलाके में रविवार सुबह उस वक्त तनाव फैल गया, जब एक निजी मकान में बिना अनुमति प्रार्थना सभा आयोजित करने और कथित धर्मांतरण की कोशिशों की खबर सामने आई. इस सूचना के मिलते ही बजरंग दल के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौके पर एकत्रित हो गए और मकान के बाहर जमकर नारेबाजी तथा विरोध प्रदर्शन करने लगे.

घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए रजगामार पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और उग्र भीड़ को समझा-बुझाकर स्थिति को नियंत्रण में लिया.

सुरक्षा के लिहाज से पुलिस ने प्रार्थना सभा करा रहे पास्टर पीतांबर सिंह समेत कुछ अन्य संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में ले लिया और पूछताछ के लिए चौकी ले आई. 

बजरंग दल के जिला संयोजक राणा मुखर्जी का कहना है कि निजी परिसर में अवैध तरीके से हो रही इस सभा और धर्मांतरण के दावों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए. 

उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन ने ठोस वैधानिक कदम नहीं उठाए और ऐसी गतिविधियों पर रोक नहीं लगाई, तो उनका संगठन संवैधानिक दायरे में रहकर बड़ा आंदोलन करने को विवश होगा.

बताया जा रहा है कि स्थानीय ग्रामीणों ने ही ओमपुर स्थित एक मकान में हिंदू समुदाय के लोगों को एकत्रित कर सभा आयोजित करने की जानकारी बजरंग दल के स्थानीय पदाधिकारियों को दी थी. 

इसके बाद प्रखंड सह संयोजक प्रवीण राठौर के नेतृत्व में दर्जनों कार्यकर्ता वहां पहुंचे थे. फिलहाल, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हिरासत में लिए गए लोगों से गहन पूछताछ की जा रही है और जांच से सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP