बैकुंठपुर में चार महिलाओं की जान लेने वाले वाहन चालक गिरफ्तार
कोरिया जिले में भीषण सड़क हादसे के बाद फरार बोलेरो पिकअप और उसके चालक को पुलिस ने डिजिटल विश्लेषण व सीसीटीवी फुटेज के आधार पर ढूंढ निकाला.
बैकुंठपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में भीषण सड़क दुर्घटना को अंजाम देकर फरार हुए वाहन और उसके चालक का सुराग लगाने में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. सरगुजा रेंज के पुलिस महानिरीक्षक दीपक कुमार झा के मार्गदर्शन तथा पुलिस अधीक्षक हरीश राठौर के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने आधुनिक साइबर तकनीकों का सहारा लेकर आरोपी चालक और दुर्घटनाग्रस्त वाहन को चिह्नित कर लिया है.
अंधेरे में नंबर प्लेट साफ न दिखने के कारण साइबर सेल ने वीडियो एनहांसमेंट टूल, फ्रेम-बाय-फ्रेम एनालिसिस, हेडलाइट पैटर्न और गाड़ी पर बने कट-मार्क्स के सूक्ष्म मिलान के जरिए सफलता हासिल की. जांच टीम ने घटनास्थल से लेकर मुख्य मार्गों, तिराहों और टोल नाकों पर लगे करीब 50 से ज्यादा सरकारी व निजी सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले.
जांच में सामने आया है कि हादसे को अंजाम देने वाली बोलेरो पिकअप का पंजीकरण संख्या जेएच 03 एयू 6791 है. इसे झारखंड के गढ़वा जिले के रमकंडा थाना क्षेत्र स्थित रमकंडा गांव का रहने वाला राजू कुमार गुप्ता चला रहा था.
यह दुखद वारदात 2 अक्टूबर 2026 की शाम लगभग साढ़े सात बजे उस समय हुई, जब छिंदिया निवासी अमित सिंह अपने ऑटो में करीब 14-15 महिलाओं को लेकर बिलारो गांव से तीज नहावन कार्यक्रम के बाद वापस लौट रहे थे. इसी दौरान पटना थाना क्षेत्र के ग्राम करजी तालाब के पास सामने से तेज रफ्तार में आ रही बोलेरो पिकअप ने ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी.
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो सवार कई महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं. घटना के तुरंत बाद चालक अपने वाहन समेत मौके से चंपत हो गया. सभी घायलों को राहगीरों और पुलिस की मदद से जिला अस्पताल बैकुंठपुर में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान चंदमती सहित 4 महिलाओं ने दम तोड़ दिया.
हादसे के बाद आरोपी का कोई सुराग न मिलने से मामला काफी पेचीदा हो गया था, लेकिन पुलिस की तकनीकी दक्षता और व्यापक डिजिटल पड़ताल ने फरार चालक और पिकअप वाहन का पर्दाफाश कर दिया.