राजनांदगांव: रिसोर्ट में संदिग्ध परिस्थितियों में भिलाई की युवती की मौत
राजनांदगांव । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में भिलाई की रहने वाली एक 24 वर्षीय युवती की एक निजी रिजॉर्ट में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. घटना मंगट्टा गांव के 'विस्ली वुड रिजॉर्ट' की है, जहां युवती अपने दोस्तों के साथ घूमने आई थी. गुरुवार सुबह युवती रिजॉर्ट के बाथरूम में बेहोश पाई गई, जिसके बाद रिजॉर्ट स्टाफ ने सुबह करीब 8 बजे उसे जिला अस्पताल पहुंचाया. हालांकि, डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
इस घटना के बाद रिजॉर्ट में हड़कंप मच गया है. पुलिस के मुताबिक, युवती के साथ आए उसके दोस्त तड़के सुबह ही रिजॉर्ट से फरार हो गए थे. पुलिस का मानना है कि अगर समय रहते युवती को अस्पताल ले जाया जाता, तो शायद उसकी जान बचाई जा सकती थी. फिलहाल पुलिस उन फरार दोस्तों की तलाश और पहचान करने में जुटी है जो घटना के बाद से गायब हैं.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने रिजॉर्ट पहुंचकर जांच शुरू कर दी है. रिजॉर्ट के प्रबंधन, कर्मचारियों और अन्य संबंधित लोगों से पूछताछ की जा रही है. इसके साथ ही पुलिस गेस्ट रिकॉर्ड, सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों को खंगाल रही है ताकि घटनाक्रम का सही पता लगाया जा सके.
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर ने बताया कि इसे संदिग्ध मौत का मामला मानकर जांच की जा रही है. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मृतका के परिजनों को सूचित कर दिया गया है. मौत के असली कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा.