रायगढ़: शेयर मार्केट के नाम पर 70 लाख की ठगी, मुख्य आरोपी महिला गिरफ्तार
रायगढ़ । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में शेयर मार्केट में कम समय में पैसा दोगुना करने का लालच देकर ग्रामीण महिलाओं से करीब 70 लाख 77 हजार रुपये ऐंठने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. इस साइबर फ्रॉड के सामने आने के बाद हरकत में आई साइबर पुलिस ने सक्ती के ग्राम बरतुंगा से मुख्य आरोपी महिला मेनका सारथी को धर दबोचा है.
जबकि वारदात में शामिल उसके पति अक्षय सारथी और मां मीरा सोनवानी की पुलिस सरगर्मी से तलाश कर रही है. एसएसपी शशि मोहन सिंह ने आम जनता से अपील की है कि वे कम समय में रकम दोगुनी करने की गारंटी देने वाले जालसाजों से बचें और निवेश से पहले संस्था की प्रामाणिकता जरूर जांचें.
पुलिस जांच में पता चला है कि आरोपी मेनका सारथी ने अपने पुरुष मित्र, पति और मां के साथ मिलकर ठगी का यह पूरा ताना-बाना बुना था. आरोपी जब भी अपने मायके जतरी आती थी, तो ग्रामीणों को बताती थी कि उसका पति शेयर बाजार में निवेश कर मोटा मुनाफा कमा रहा है.
उस पर भरोसा करके ग्राम जतरी की हारा बाई निषाद, अनिता निषाद समेत करीब 11 महिलाओं ने अप्रैल 2025 से अक्टूबर 2025 के दौरान लाखों रुपये दे दिए. शुरुआत में आरोपियों ने कुछ महिलाओं को मुनाफे का लालच देकर उनके पैसे लौटाए ताकि उनका विश्वास जीता जा सके, लेकिन बाद में मूलधन और मुनाफा दोनों देना बंद कर दिया.
पीड़ित महिलाओं का आरोप है कि जब उन्होंने अपने पैसे वापस मांगे तो आरोपियों ने रकम लौटाने से साफ मना कर दिया और उल्टा उन्हें जेल भिजवाने की धमकियां दीं. हद तो तब हो गई जब खुलासा हुआ कि कई ग्रामीण महिलाओं ने तो बैंक से लोन लेकर आरोपियों को पैसे दिए थे, जिसकी किस्तें वे अब खुद चुका रही हैं.
बैंक ट्रांजेक्शन और तकनीकी साक्ष्यों की पड़ताल में पुलिस को आरोपी महिला के तीन अलग-अलग खातों से लाखों के लेनदेन का सबूत मिला है. पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मोबाइल और बैंक से जुड़े दस्तावेज जब्त कर लिए हैं और मामले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है.