'एक पेड़ मां के नाम' का पेड़ कटवाने पर पुलिस की कार्रवाई
कोरबा । संवाददाता: कोरबा में 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत लगाए गए पौधे को काटने के मामले में प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है. निहारिका स्थित ममता स्टील एंपोरियम के संचालक किशोर अग्रवाल और उनके कर्मचारी सुधीर गिरी पर रामपुर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 170 के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है.
नगर निगम द्वारा सड़क किनारे लगाए गए इस पौधे को कथित तौर पर संचालक के निर्देश पर काटकर फेंक दिया गया था, जिसकी शिकायत निगम की टीम ने दर्ज कराई थी. रामपुर थाना प्रभारी आस्था शर्मा ने बताया कि जांच के बाद दोनों आरोपियों को नोटिस जारी कर भविष्य में ऐसी गलती न दोहराने की सख्त हिदायत दी गई है.
उल्लेखनीय है कि जिला प्रशासन और नगर निगम इस विशेष अभियान के अंतर्गत जिले में 60 हजार पौधे लगाने का लक्ष्य लेकर लगातार पौधारोपण कर रहे हैं. शहर को हरा-भरा बनाने के साथ ही लगाए गए पौधों की सुरक्षा को लेकर भी सख्त निगरानी रखी जा रही है.
अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि पर्यावरण संतुलन के लिए पेड़-पौधे बेहद जरूरी हैं और सरकारी संपत्ति या अभियान के तहत लगाए गए वृक्षों को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ आगे भी कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी.