ओडिशा पुलिस ने छत्तीसगढ़ से आए परिजनों को सौंपे नक्सलियों के शव
भुवनेश्वर । डेस्क: ओडिशा के कंधमाल जिले में हाल ही में हुई पुलिस मुठभेड़ में मारे गए सभी 6 माओवादियों के शवों को उनके परिजनों को सौंप दिया गया है. मंगलवार को पुलिस ने 2 महिला माओवादियों, जिनकी पहचान छत्तीसगढ़ के बीजापुर की सीमा उर्फ कमली कुंजम और सुकमा की कवासी मंगल उर्फ अंकिता के रूप में हुई, के शव उनके परिवारों के हवाले किए.
इससे पहले, सीपीआई (माओवादी) के केंद्रीय समिति सदस्य और ओडिशा में संगठन के प्रमुख गणेश उइके सहित 4 अन्य माओवादियों के शव भी उनके रिश्तेदारों को सौंपे जा चुके थे.
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, यह मुठभेड़ 24 और 25 दिसंबर को बेलघर और फूलबनी सदर थाना क्षेत्रों के जंगलों में हुई थी.
फूलबनी सदर के एसडीपीओ सुभ्रजित बिस्वाल ने बताया कि कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद परिवारों ने शवों की शिनाख्त की और उन्हें अपने साथ ले गए.
विशेष बात यह रही कि पुलिस ने मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए माओवादियों के गरीब परिजनों को आर्थिक सहायता और ठंड से बचाव के लिए कंबल भी उपलब्ध कराए.
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जिले के इतिहास में यह पहली बार है जब मुठभेड़ में मारे गए सभी माओवादियों के शवों पर उनके परिजनों ने दावा किया और पुलिस ने उन्हें सुरक्षित सौंपा है, जबकि पहले लावारिस शवों का अंतिम संस्कार पुलिस को ही करना पड़ता था.