माओवादियों को विस्फोटक भेजने के मामले में 5 पर चार्जशीट दाखिल
नई दिल्ली । डेस्क: राष्ट्रीय जांच एजेंसी ने मंगलवार को छत्तीसगढ़ के प्रतिबंधित संगठन भाकपा (माओवादी) को विस्फोटकों की आपूर्ति करने के मामले में पांच आरोपियों के खिलाफ सप्लीमेंट्री चार्जशीट दाखिल की है. जगदलपुर की विशेष एनआईए अदालत में पेश की गई इस चार्जशीट में मनीष सोढ़ी सहित चार फरार आरोपियों सोढ़ी केसा, मनीला, मडकम केसा और सोढ़ी लखमा के नाम शामिल हैं.
एनआईए की जांच में खुलासा हुआ है कि ये सभी आरोपी सुकमा जिले के रहने वाले हैं और प्रतिबंधित संगठन की सशस्त्र शाखा 'पीपुल्स लिबरेशन गुरिल्ला आर्मी' (PLGA) बटालियन नंबर 1 को विस्फोटक और अन्य आपत्तिजनक सामग्री पहुंचाने में सक्रिय रूप से शामिल थे.
जांच एजेंसी के अनुसार, इन सामग्रियों का उपयोग सुरक्षा बलों पर हमला करने के लिए आईईडी तैयार करने में किया जाना था.
गौरतलब है कि यह मामला मूल रूप से सितंबर 2024 में राज्य पुलिस द्वारा दो व्यक्तियों की गिरफ्तारी और भारी मात्रा में टिफिन बम, डेटोनेटर और पोटेशियम नाइट्रेट की जब्ती के बाद दर्ज किया गया था.
दिसंबर 2024 में इस मामले की जांच एनआईए ने अपने हाथ में ली थी, जिसमें अब तक कुल सात लोगों को आरोपी बनाया जा चुका है. एजेंसी फिलहाल इस मामले में टेरर फंडिंग के नेटवर्क और आपूर्ति श्रृंखला की कड़ियों को पूरी तरह से खंगालने में जुटी है.