नारायणपुर: नक्सलियों का पुराना हथियारों का डंप मिला
नारायणपुर । संवाददाता: नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा बलों के लगातार कड़े होते शिकंजे के बीच छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले से जवानों को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है. क्षेत्र में चलाए जा रहे सघन तलाशी अभियान के तहत पुलिस और सीमा सुरक्षा बल की संयुक्त टीम ने अदनार के बीहड़ जंगलों में छिपाकर रखा गया नक्सलियों का एक पुराना हथियार डंप खोज निकाला है.
अधिकारियों के मुताबिक, यह सर्च ऑपरेशन नारायणपुर पुलिस और बीएसएफ द्वारा साझा रूप से चलाया जा रहा था. गश्त के दौरान जब टीम अदनार के अंदरूनी हिस्सों में पहुँची, तो वहाँ नक्सलियों द्वारा सालों पहले दबाकर रखी गई विस्फोटक सामग्री और हथियारों का पता चला.
मौके से जवानों ने 10 राइफल, बीजीएल (BGL) शेल, भारी मात्रा में कारतूस और लगभग दो किलोग्राम विस्फोटक जब्त किया है.
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, नक्सलियों ने सुरक्षा बलों पर हमले और अन्य हिंसक गतिविधियों को अंजाम देने के मकसद से अलग-अलग गुप्त ठिकानों पर यह असला-बारूद छिपाकर रखा था.
हालांकि, पिछले कुछ समय में इलाके में नक्सली गतिविधियों में उल्लेखनीय कमी आई है और कई नक्सली आत्मसमर्पण कर समाज की मुख्यधारा से जुड़ रहे हैं, फिर भी सुरक्षा बल किसी भी तरह की ढिलाई बरतने के मूड में नहीं हैं.
संवेदनशील इलाकों में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के उद्देश्य से सुरक्षा बलों का यह कॉम्बिंग ऑपरेशन लगातार जारी है. अधिकारियों का कहना है कि ऐसे अभियानों के कारण नक्सलियों द्वारा पूर्व में छिपाए गए हथियार और डंप लगातार बेनकाब हो रहे हैं, जिससे उनके नेटवर्क को ध्वस्त करने में बड़ी मदद मिल रही है.