नगरनार स्टील प्लांट: भट्ठी क्षमता से अधिक उत्पादन
जगदलपुर । संवाददाता: सरकार का दावा है कि छत्तीसगढ़ के बस्तर क्षेत्र में स्थित एनएमडीसी स्टील लिमिटेड (NSL) के नगरनार स्टील प्लांट ने अपनी स्थापना के दो वर्षों के भीतर ही एक शानदार रिकॉर्ड कायम किया है. 22 जून 2025 को प्लांट ने एक दिन में 11,101 टन हॉट मेटल का उत्पादन कर अपनी ब्लास्ट फर्नेस की क्षमता का 117 फीसदी हासिल किया. यह उपलब्धि इस्पात उद्योग में एक मील का पत्थर साबित हुई है.
नगरनार स्टील प्लांट के प्रमुख एमएनवीएस प्रभाकर के अनुसार कोक कटर के बेहतर प्रदर्शन के कारण प्लांट ने 79 फीसदी का सर्वश्रेष्ठ ब्लास्ट फर्नेस कोक यील्ड हासिल किया. इससे कोक की खपत में कमी आई और उत्पादन लागत में उल्लेखनीय बचत हुई. 22 जून को सी-शिफ्ट में प्लांट ने 3,759 टन हॉट मेटल का उत्पादन किया, जो 14 अप्रैल 2025 के 3,729 टन के पिछले रिकॉर्ड को तोड़ता है. इसके साथ ही, कोयले का साइलो तक ट्रांसफर 10,000 टन से अधिक और सिंटर का ब्लास्ट फर्नेस में ट्रांसफर 18,203 टन के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचा.
प्लांट ने आयरन ओर लम्प (IOL) ट्रांसफर में 5,910 टन का नया कीर्तिमान स्थापित किया. इसके अलावा, टॉप रिकवरी टर्बाइन (TRT) ने 16.4 मेगावाट बिजली उत्पादन की क्षमता हासिल की, जिससे प्रति माह 60 लाख रुपये से अधिक की बिजली बचत संभव हो सकती है. ऑक्सीजन उत्पादन इकाई ने भी 34,000 नॉर्मल क्यूबिक मीटर प्रति घंटा की आपूर्ति कर कॉन्ट्रैक्ट से अधिक प्रदर्शन किया, जिससे उत्पादन प्रक्रिया निर्बाध रही.
प्लांट की स्टील मेल्टिंग शॉप (SMS) ने 52 बार पिघले हुए स्टील का उत्पादन कर 9,400 टन लिक्विड स्टील बनाया. बाय-प्रोडक्ट प्लांट (BPP) ने भी इस वित्तीय वर्ष में 1,000 किलोग्राम सल्फर का सर्वाधिक उत्पादन किया. यह इकाई कोकिंग कोयले से कोक बनाते समय निकलने वाले धुयें से अलकतरा, नेप्थालीन और सल्फर जैसे मूल्यवान उप-उत्पाद निकालती है, जिससे अतिरिक्त आय अर्जित होती है.