छत्तीसगढ़ विधानसभा का मानसून सत्र 14 जुलाई से
रायपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ विधानसभा का मानसून सत्र इस बार 14 जुलाई से शुरू हो रहा है. 18 जुलाई तक सदन की कार्रवाई चलेगी. इस बीच 5 बैठकें होंगी.
इसे लेकर 17 जून मंगलवार को विधानसभा सचिवालय की ओर से अधिसूचना जारी कर दी गई. मानसून सत्र में वित्तीय कार्य के साथ शासकीय संबंधी कार्य संपादित किए जाएंगे.
संभवत: यह मौजूदा विधानसभा भवन में आयोजित होने वाला अंतिम सत्र होगा. क्योंकि दिसंबर में प्रस्तावित शीतकालीन सत्र राज्य की नई विधानसभा भवन नवा रायपुर में आयोजित किया जा सकता है.
मानसून सत्र में किसानों की समस्याएं को लेकर भी सवाल-जवाब किए जाएंगे. खासतौर पर खाद और बीज संकट को लेकर विपक्ष के विधायक सत्ता पक्ष को घेरने की कोशिश करेंगे.
इससे पहले छत्तीसगढ़ विधानसभा का बजट सत्र 24 फरवरी को आयोजित हुआ था. बजट सत्र में कुल 17 बैठकें हुई थीं.
21 मार्च को बजट सत्र का समापन हुआ था. बजट सत्र में कुल 1 हजार 862 सवाल लगाए गए थे.
नये विधानसभा में 200 विधायकों की बैठक क्षमता
नवा रायपुर सेक्टर-19 में 51 एकड़ क्षेत्र में नई विधानसभा भवन का निर्माण किया जा रहा है. जिसका काम लगभग 95 फीसदी पूरा हो चुका है.
कहा जा रहा है कि सितंबर तक यह भवन पूरी तरह तैयार हो जाएगा. इस विधानसभा भवन को 200 विधायकों की बैठक क्षमता के हिसाब से डिजाइन किया गया है.
वर्तमान विधानसभा भवन रायपुर-बलौदाबाजार मार्ग स्थित ग्राम बरौंदा में स्थित है, जहां से 14 दिसंबर 2001 से कार्रवाई संचालित हो रही है.
इस बार का मानसून सत्र विधानसभा के पुराने भवन की विदाई और नव युग के स्वागत का भी प्रतीक बनेगा.