माओवादी परिणाम भुगतने तैयार रहें- साय
माओवादी परिणाम भुगतान रहें तैयार- साय
रायपुर | संवाददाताः मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सुकमा जिले के कोंटा में माओवादियों द्वारा किए गए आईईडी विस्फोट में एएसपी आकाश राव गिरपुंजे के शहीद होने पर गहरा दुःख व्यक्त किया है.
मुख्यमंत्री ने माओवादियों को चेतावनी दी है कि माओवादियों को इसका परिणाम भुगतना होगा. वह दिन अब ज्यादा दूर नहीं, जब छत्तीसगढ़ से इनका अस्तित्व ही समाप्त कर दिया जाएगा.
सीएम साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ में माओवादियों के खिलाफ सुरक्षा बलों द्वारा एक बड़ी लड़ाई लड़ी जा रही है, जिसमें सुरक्षा बलों को लगातार सफलता मिल रही है. इसी से बौखलाकर माओवादी इस तरह की कायराना करतूतों को अंजाम दे रहे हैं.
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि माओवादियों के इस कायराना हमले में कुछ अन्य अधिकारी व जवान भी घायल हुए हैं. उन्होंने घायलों के समुचित इलाज के निर्देश दिए हैं.
अब माओवादियों से बातचीत का रास्ता खत्म- विजय
गृहमंत्री विजय शर्मा ने इस घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि अब माओवादियों से किसी प्रकार की बातचीत की कोई संभावना नहीं बची है. अब तो माओवादियों के खिलाफ कार्रवाई और तेज़ की जाएगी.
उन्होंने कहा कि माओवादियों की इस कायराना हरकत ने एक बार फिर उनका असली चेहरा उजागर किया है.आकाश राव गिरिपुंजे बहादुर अधिकारी थे. उनके कार्यों के लिए गैलेंट्री अवार्ड से सम्मानित किया गया था. उनका बलिदान हमेशा याद रखा जाएगा.