एएसपी आकाश राव को ब्लास्ट से उड़ाने वाला माओवादी गिरफ्तार
सुकमा | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में एएसपी आकाश राव गिरपुंजे को आईईडी ब्लास्ट कर उड़ाने वाले एक माओवादी को एसआईए की टीम ने गिरफ्तार करने का दावा किया है. पुलिस का कहना है कि आरोपी ने घटना में शामिल अन्य माओवादियों के बारे में भी जानकारी दी है.
पूछताछ के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया है. गिरफ्तार आरोपी माओवादी का नाम सोढ़ी गंगा है. एसआईए की जांच के दौरान उसे दोषी पाया गया था.
पुलिस का कहना है कि वह घटना स्थल पर आईईडी प्लांट करने के दौरान मौके पर मौजूद था. आरोपी ने घटना में शामिल होने की बात खुद कबूल की है.
ज्ञात हो कि माओवादियों ने 10 जून को भारत बंद का आह्वान किया था. इससे पहले माओवादियों ने दहशत फैलाने के लिए डोन्द्रा क्षेत्र के चिकवारगुड़ा स्थित गिट्टी खदान में खड़े एक जेसीबी वाहन को आग के हवाले कर दिया था.
दूसरे दिन एडिशनल एसपी आकाश राव, एसडीओपी भानुप्रताप चंद्राकर और थाना प्रभारी सोनल ग्वाला समेत अन्य जवान मौका मुआयना करने घटनास्थल पहुंचे थे.सभी पैदल गश्त करते हुए वहां तक पहुंचे थे. जेसीबी के पास ही माओवादियों ने प्रेशर आईईडी बम लगा रखा था.
एएसपी आकाश राव का पैर जैसे ही आईईडी पर पड़ा जोरदार धमाका हुआ. विस्फोट काफी शक्तिशाली था, जिस वजह से एडिशनल एसपी के दोनों पैर बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए.
जबकि उनके आगे और पीछे खड़े एसडीओपी और थाना प्रभारी भी बुरी तरह से घायल हो गए थे. माओवादियों ने प्रेशर आईईडी को जमीन से करीब 2 फीट अंदर प्लांट किया था. इसलिए अफसर उसे भाप नहीं पाए.
माओवादियों ने इस वारदात को थाना से महज दो किलोमीटर की दूरी पर ही अंजाम दिया था.