रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

पूजा पैकरा आत्महत्या मामले में मुख्य आरोपी राजस्थान से गिरफ्तार

C

CG Khabar

13 जुल. 2026, 01:52 AM 2 मिनट में पढ़ें 2

गिरफ्तार
गिरफ्तार

बैकुंठपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में एक नाबालिग छात्रा, पूजा पैकरा की आत्महत्या के मामले में पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने कई राज्यों में सघन तलाशी अभियान चलाने के बाद मामले के मुख्य आरोपी विनोद वैद्य को राजस्थान से गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी को राजस्थान की स्थानीय अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है.


इस कार्रवाई की जानकारी देते हुए कोरिया के पुलिस अधीक्षक रवि कुमार कुर्रे ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की एक विशेष टीम गठित की गई थी, जो लगातार अलग-अलग राज्यों में छापेमारी कर रही थी. 

विज्ञापन


तकनीकी साक्ष्यों, मोबाइल लोकेशन और स्थानीय मुखबिरों से मिली सटीक जानकारी के आधार पर पुलिस आरोपी विनोद वैद्य को राजस्थान में दबोचने में कामयाब रही. एसपी ने आगे बताया कि मामले के दो अन्य सह-आरोपियों, जगत वैद्य और दीपक वैद्य की गिरफ्तारी के लिए भी पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा.


गौरतलब है कि बीते 7 जुलाई को नाबालिग छात्रा अपनी बहन के साथ बैकुंठपुर के संजय चौक स्थित एक निजी बाजार में खरीदारी करने गई थी. दुकान के मालिक ने दोनों बहनों पर करीब ₹1,500 के कॉस्मेटिक सामान चोरी करने का झूठा आरोप लगाया, जबकि दोनों बहनों ने दुकान से कोई सामान नहीं लिया था.


आरोप है कि दुकान मालिक ने दोनों बहनों के साथ बेहद बदसलूकी की और नाबालिग लड़की पर बुरी तरह चिल्लाया. इतना ही नहीं, आरोपी ने मानसिक रूप से प्रताड़ित करते हुए मृतका से जबरन सामानों के नाम लिखवाए और उसकी स्कूटी के पास ले जाकर उससे जबरदस्ती लिखवाया कि "मैं एक चोर हूं". 


इस अपमान और गहरे मानसिक सदमे को नाबालिग बर्दाश्त नहीं कर सकी और उसने अगले ही दिन, 8 जुलाई को आत्महत्या कर ली.


इस दुखद घटना के बाद कोरिया जिले के लोगों में भारी आक्रोश फैल गया. मृतका के परिजनों, विभिन्न सामाजिक संगठनों और स्थानीय निवासियों ने न्याय की मांग को लेकर उग्र विरोध प्रदर्शन और मार्च निकाला. जनता ने प्रशासन से आरोपियों के खिलाफ तत्काल और कड़ी कार्रवाई की मांग की थी. 


मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एसपी रवि कुमार कुर्रे ने मीडिया के माध्यम से जनता को आश्वस्त किया है कि पुलिस इस मामले की पूरी गंभीरता और निष्पक्षता से जांच कर रही है. घटना के पीछे के हर सच को सामने लाया जाएगा और दोषियों को सख्त सजा दिलाई जाएगी.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP