रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

कोरबा: सुरक्षाकर्मियों ने चोर को दी 'तालिबानी सजा'

C

CG Khabar

06 जून 2026, 10:20 PM 2 मिनट में पढ़ें 2

तालिबानी सजा-कोरबा
तालिबानी सजा-कोरबा

कोरबा । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में कानून-व्यवस्था को ताक पर रखकर एक युवक की बेरहमी से पिटाई का सनसनीखेज मामला सामने आया है. सिविल लाइन थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले कोरबा मेडिकल कॉलेज अस्पताल परिसर में सुरक्षाकर्मियों ने खुद को कानून से ऊपर मान लिया. 


अस्पताल परिसर से बाइक चोरी करने के आरोप में पकड़े गए एक युवक को सुरक्षा एजेंसी के कर्मचारियों और बाउंसरों ने अर्धनग्न किया, फिर बिजली के खंभे से बांधकर उसकी जमकर लाठी-डंडों से पिटाई कर दी. इस अमानवीय घटना का एक वीडियो भी अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें पीड़ित युवक लगातार रहम की भीख मांगता दिख रहा है.

विज्ञापन


यह पूरी घटना शुक्रवार देर रात की है, जब अस्पताल की सुरक्षा में तैनात राजेंद्र पटेल नामक कर्मचारी की बाइक चोरी हो गई थी. रात करीब पौने बारह बजे एक वाहन चालक ने दो संदिग्ध युवकों को अस्पताल परिसर से बाइक धक्का मारकर ले जाते देखा, जिसकी सूचना तुरंत सुरक्षा अमले को दी गई. 


सुरक्षाकर्मियों ने घेराबंदी कर कोसाबाड़ी चौक के पास पंप हाउस निवासी विशाल सागर नाम के युवक को दबोच लिया. 


कायदे से पकड़े गए संदिग्ध को मात्र 100 मीटर की दूरी पर स्थित सिविल लाइन थाने के सुपुर्द किया जाना चाहिए था, लेकिन सुरक्षाकर्मी उसे वापस अस्पताल ले आए और खुद ही इंसाफ करने पर उतारू हो गए.


बाद में घटना की भनक लगते ही पुलिस की पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची और युवक को अपने कब्जे में लेकर थाने आई. 


पुलिस की पूछताछ में आरोपी विशाल सागर ने इलाके में कई अन्य चोरियां करने की बात भी कबूली है. इस मामले में शनिवार को बाइक मालिक राजेंद्र की शिकायत पर पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है. 


हालांकि, एडिशनल एसपी लखन पटले का कहना है कि आरोपी के साथ की गई इस मारपीट के मामले की भी जांच की जा रही है और पुष्टि होने पर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कदम उठाए जाएंगे. 


वहीं दूसरी ओर, मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. केके सहारे ने इस हरकत पर नाराजगी जताते हुए सुरक्षा एजेंसी 'कामथेन' को कारण बताओ नोटिस जारी करने की बात कही है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP