सोम, 19 अक्टू. 2026

CGKhabar

कांकेर: फेल करने की धमकी देकर अश्लील फोटो मांगने वाला शिक्षक गिरफ्तार

C

CG Khabar

23 अग. 2026, 03:38 AM 2 मिनट में पढ़ें 3

गिरफ्तार
गिरफ्तार

कांकेर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले से गुरु-शिष्य के रिश्ते को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है. पखांजूर क्षेत्र के मरोड़ा हाई स्कूल में पदस्थ एक शिक्षक ने अपनी ही छात्रा को परीक्षा में फेल करने का डर दिखाकर अश्लील फोटो और वीडियो की मांग की. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.


मामला 16 अगस्त का है, जब स्कूल में गणित की अतिरिक्त कक्षा के दौरान आरोपी शिक्षक आशीष मंडल (30) ने पीड़िता का मोबाइल नंबर हासिल कर लिया. इसके बाद वह व्हाट्सएप पर छात्रा को लगातार अश्लील मैसेज और मीडिया फाइलें भेजकर न्यूड तस्वीरों के लिए दबाव बनाने लगा. शिक्षक ने बात न मानने पर छात्रा को परीक्षा में अनुत्तीर्ण करने की धमकी भी दी.

विज्ञापन


तंग आकर छात्रा ने परिजनों को आपबीती बताई, जिसके बाद 20 अगस्त को छात्रा की मां ने बांदे थाने में शिकायत दर्ज कराई. शिकायत के आधार पर पुलिस ने 21 अगस्त की शाम आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार कर लिया और वारदात में इस्तेमाल मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया.


पखांजूर के एसडीपीओ कुलदीप बंजारे ने बताया कि आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 75, पॉक्सो एक्ट की धारा 12 और आईटी एक्ट की धारा 67(A) के तहत मामला दर्ज किया गया है. आरोपी को अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में कांकेर जिला जेल भेज दिया गया है. मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP