उत्तराखंड: मंत्री रेखा आर्य पर पति का 210 करोड़ के भ्रष्टाचार का आरोप
उत्तराखंड की राजनीति में उस वक्त हड़कंप मच गया जब कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य के पति गिरधारी लाल साहू ने उन पर 210 करोड़ रुपये के भ्रष्टाचार का बड़ा आरोप लगाया. पति-पत्नी के इस घरेलू और राजनीतिक विवाद की जांच के लिए पुलिस की एसआईटी गठित कर दी गई है.
देहरादून । डेस्क: उत्तराखंड की राजनीति में महिला एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्य और उनके पति गिरधारी लाल साहू के बीच का विवाद अब बेहद गंभीर मोड़ पर पहुंच गया है. बरेली से भाजपा नेता गिरधारी लाल साहू ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर अपनी ही पत्नी और कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य पर पिछले 10 वर्षों में विभाग के भीतर भ्रष्टाचार के जरिए 210 करोड़ रुपये की बेनामी संपत्ति बनाने का संगीन आरोप लगाया है.
उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से इस पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच कराने की मांग की है.
यह विवाद तब गहराया जब मंत्री रेखा आर्य ने देहरादून के कैंट थाने में अपने पति के खिलाफ मारपीट, प्रताड़ना, जातिसूचक शब्द कहने और जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्ज कराया.
प्राथमिकी में अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम की धाराएं भी शामिल की गई हैं. एफआईआर दर्ज कराने के बाद मंत्री आर्य की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें देहरादून के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया. उन्होंने एक ऑडियो रिकॉर्डिंग भी सार्वजनिक की, जिसमें उनके पति पर हत्या की साजिश रचने का दावा किया गया है.
इसके जवाब में गिरधारी लाल साहू ने कहा कि मंत्री द्वारा जारी की गई ऑडियो क्लिप पूरी तरह फर्जी और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से तैयार की गई है. उन्होंने कहा कि वह रेखा आर्य के राजनीतिक करियर के 17 सालों से उनके मार्गदर्शक रहे हैं, लेकिन अब उनके खिलाफ मनगढ़ंत मामले दर्ज कराए जा रहे हैं.
वहीं अस्पताल से दिए अपने बयान में रेखा आर्य ने कहा कि उनके पति ने उनसे अपनी पहली शादी की बात छिपाई थी और यह लड़ाई वह अपनी और बच्चों की सुरक्षा के लिए लड़ रही हैं.
इस हाई-प्रोफाइल मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने नौ सदस्यीय विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया है. पुलिस ने सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो और ऑडियो क्लिप को फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है. इधर, मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस ने इस मामले को लेकर सरकार पर निशाना साधा है और निष्पक्ष जांच के लिए मंत्री के इस्तीफे की मांग की है.