सोम, 19 अक्टू. 2026

CGKhabar

देश में 'बहिष्कार तंत्र' हावी, युवाओं को बाहर धकेलने की साजिश: राहुल गांधी

राहुल गांधी ने शिक्षा व्यवस्था को 'एक्सक्लूजन सिस्टम' बताते हुए कहा कि यह लाखों युवाओं को अवसरों से वंचित करने का काम कर रहा है. 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम के जरिए वे लगातार युवाओं से संवाद कर रहे हैं.

C

CG Khabar

19 अक्टू. 2026, 12:42 AM 2 मिनट में पढ़ें 10

राहुल गांधी
राहुल गांधी

नई दिल्ली । डेस्क: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी ने देश की मौजूदा शिक्षा व्यवस्था को लेकर केंद्र सरकार पर बड़ा हमला बोला है. उन्होंने कहा कि देश में इस समय शिक्षा प्रणाली के नाम पर 'बहिष्कार तंत्र' (एक्सक्लूजन सिस्टम) चल रहा है, जिसे इस तरह से डिजाइन किया गया है कि देश के लाखों युवाओं को मुख्यधारा से बाहर रखा जा सके.

राहुल गांधी ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर छात्रों के साथ हुई हालिया बातचीत का एक वीडियो साझा करते हुए यह तीखी प्रतिक्रिया दी. 

उन्होंने कहा कि यदि किसी युवा के पास पैसा, ताकत या अंग्रेजी भाषा की पकड़ नहीं है, तो यह व्यवस्था उसे बिना किसी संकोच के तुरंत बाहर कर देती है. उन्होंने जोर देकर कहा कि ऐसी व्यवस्था को शिक्षा प्रणाली कतई नहीं कहा जा सकता, यह सीधे तौर पर युवाओं को पीछे धकेलने का जरिया बन चुकी है.

गौरतलब है कि राहुल गांधी 'छात्रों की गूंज' पहल के जरिए देशभर के विद्यार्थियों से लगातार सीधा संवाद स्थापित कर रहे हैं. 

इस अभियान के तहत वे कोटा, देहरादून, प्रयागराज, पुणे और इंदौर में कार्यक्रम आयोजित कर चुके हैं. हाल ही में चेन्नई में आयोजित 'छात्रों की गूंज' के छठे संस्करण के दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोला था. चेन्नई के मंच से उन्होंने छात्रों को आश्वस्त करते हुए कहा था कि देश के युवाओं को डरने की कोई जरूरत नहीं है और वे पूरी मजबूती से छात्रों के साथ खड़े हैं.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP