सोम, 19 अक्टू. 2026

CGKhabar

पंजाब: संगरूर में बेकाबू कार ने मजदूरों को रौंदा, 8 की मौत, कई घायल

पंजाब के संगरूर में जखाल रोड पर भीषण सड़क हादसा. तेज रफ्तार कार ने सड़क मरम्मत कर रहे मजदूरों को रौंदा, 8 की दर्दनाक मौत और 10 से ज्यादा गंभीर रूप से घायल. आरोपी चालक मौके से फरार, जांच जारी.

C

CG Khabar

19 अक्टू. 2026, 01:42 AM 2 मिनट में पढ़ें 27

संगरूर सड़क हादसा
संगरूर सड़क हादसा

संगरूर । डेस्क: पंजाब के संगरूर जिले के जखाल रोड में छोटियां गांव के पास सड़क मरम्मत का काम कर रहे मजदूरों को एक तेज रफ्तार सेडान कार ने बुरी तरह रौंद दिया. इस दर्दनाक हादसे में कम से कम 8 मजदूरों की जान चली गई, जबकि 10 से अधिक मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां कई लोगों की हालत चिंताजनक बनी हुई है.

मृतकों में 6 महिलाएं और 2 पुरुष शामिल हैं. मृतकों की पहचान कर्मजीत कौर, सरबजीत कौर, रंजीत कौर, कर्मजीत, रानी कौर, जीवन सिंह और देश राज के रूप में हुई है. जानकारी के मुताबिक, ये सभी मजदूर केंद्र सरकार की योजना के तहत काम कर रहे थे और इनमें से 7 लोग एक ही गांव के निवासी थे.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा बेहद खौफनाक था. कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे काम कर रहे मजदूरों पर चढ़ गई. हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई. स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि समय पर एम्बुलेंस और पुलिस न पहुंचने के कारण कई लोगों ने तड़प-तड़पकर मौके पर ही दम तोड़ दिया.

हादसे को अंजाम देने के बाद कार चालक गाड़ी छोड़कर मौके से फरार हो गया. आरोपी चालक की पहचान स्थानीय निवासी परगत सिंह काला के रूप में हुई है. 

घटना से आक्रोशित स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया और आरोपी की तुरंत गिरफ्तारी तथा पीड़ित परिवारों के लिए मुआवजे की मांग की. 

स्थानीय विधायक और पंजाब सरकार के मंत्री बरिंदर कुमार गोयल ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए प्रभावित परिवारों को जल्द से जल्द मदद पहुंचाने का आश्वासन दिया है. पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP