जशपुर: बेटे ने सील-लोढ़ा मारकर की पिता की हत्या, गिरफ्तार
जशपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के तपकरा थाना क्षेत्र में घरेलू कलह के दौरान एक बेटे ने अपने ही पिता की सील-लोढ़े से हमला कर हत्या कर दी. मृतक की पहचान कृष्णा सिंह के रूप में हुई है. वारदात को अंजाम देने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी बेटे सूरज सिंह (32) को गिरफ्तार कर लिया है.
पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल सील-लोढ़ा भी बरामद कर लिया है और आरोपी को अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है.
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, आरोपी सूरज सिंह का कहना है कि उसके पिता गुस्सैल स्वभाव के थे और अक्सर घर तथा बाहर लोगों से बहस व झगड़ा करते रहते थे. घटना वाले दिन भी पिता और पुत्र के बीच इसी बात को लेकर तीखी बहस हो गई. बहस के दौरान आवेश में आकर सूरज ने घर में रखा भारी सील-लोढ़ा उठाया और पिता के सिर पर दे मारा, जिससे वे लहूलुहान होकर अचेत हो गए.
घटना का पता तब चला जब मृतक के भतीजे योगादर सिंह को गांव के ही एक व्यक्ति से मारपीट की सूचना मिली. योगादर तुरंत कृष्णा सिंह के घर पहुंचे, जहां वे खटिया पर बेसुध पड़े थे और उनके नाक, कान व मुंह से खून बह रहा था.
परिजन तुरंत उन्हें एंबुलेंस से शासकीय अस्पताल केरसेई ले गए, जहां से डॉक्टरों ने उनकी नाजुक हालत को देखते हुए कुनकुरी अस्पताल रेफर कर दिया. हालांकि, कुनकुरी अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
कुनकुरी थाना पुलिस ने शुरुआती प्रक्रिया के तहत शव का पंचनामा और पोस्टमार्टम कराने के बाद मर्ग डायरी मूल घटना स्थल वाले तपकरा थाने को स्थानांतरित कर दी. इसके बाद तपकरा पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज कर जांच आगे बढ़ाई.
परिजनों के बयान और पुख्ता सबूतों के आधार पर पुलिस ने आरोपी सूरज को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया, जिसके बाद पुलिस ने उसे जेल भेज दिया.