जशपुर: ₹1,000 के विवाद में दोस्त की हत्या
जशपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में मात्र एक हजार रुपये के लेन-देन को लेकर दो दोस्तों के बीच हुआ विवाद खूनी रंजिश में बदल गया. बकाया रकम न मिलने से नाराज युवक ने अपने ही साथी को धोखे से कार में बैठाया और जंगल की ओर ले गया. वहां विवाद बढ़ने पर उसने लकड़ी के भारी फाड़े से सिर पर वार कर उसकी जान ले ली.
वारदात के बाद आरोपी ने साक्ष्य मिटाने के लिए शव को गड्ढे में फेंक दिया, इस्तेमाल किया गया हथियार व मोबाइल नदी में बहा दिए और खून से सनी कार को धो डाला. हालांकि, पुलिस ने कड़ी जांच-पड़ताल के बाद घटना के एक सप्ताह के भीतर आरोपी को धर दबोचा और जेल भेज दिया.
यह पूरी घटना ग्राम विमड़ा निवासी 29 वर्षीय किसान राजेश दास और झगरपुर निवासी 30 वर्षीय कृष्णा उर्फ कैलाश यादव से जुड़ी है. राजेश ने कुछ समय पूर्व कैलाश से 6,000 रुपये में ओप्पो कंपनी का एक पुराना मोबाइल फोन खरीदा था, जिसमें से उसने 5,000 रुपये चुका दिए थे. शेष 1,000 रुपये को लेकर दोनों के बीच अक्सर कहासुनी होती रहती थी.
23 सितंबर को कैलाश अपने दोस्त राजेश को स्विफ्ट कार में बैठाकर जुरगुम-तुर्रापानी जंगल क्षेत्र की तरफ ले गया. वहां फिर से पैसों की मांग को लेकर दोनों के बीच तीखी बहस हो गई. गुस्से में आकर कैलाश ने राजेश को कार से नीचे उतारा और सड़क किनारे पड़े लकड़ी के फाड़े से उसके सिर पर जानलेवा हमला कर दिया, जिससे राजेश ने मौके पर ही दम तोड़ दिया.
हत्या को अंजाम देने के बाद आरोपी ने बेहद शातिर तरीके से सबूत मिटाने की कोशिश की. उसने राजेश के शव को जंगल के गहरे गड्ढे में छिपा दिया. इसके बाद वारदात में इस्तेमाल लकड़ी के फाड़े और मृतक के फोन को मैनी नदी में फेंक दिया, जबकि अपने खून से सने कपड़ों को डोड़की नदी में बहा दिया.
उसने स्विफ्ट कार पर लगे खून के निशानों को भी नदी के पानी से अच्छी तरह धो दिया ताकि किसी को शक न हो.
उसी दिन ग्रामीणों ने जंगल में पुलिया के पास एक अज्ञात शव देखकर पुलिस को सूचना दी. पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और आसपास के गांवों में छानबीन कर मृतक की पहचान राजेश दास के रूप में की.
जांच के दौरान संदेह होने पर जब पुलिस ने कैलाश यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ की, तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया. अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार पाटनवार के अनुसार, आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लाल रंग की कार बरामद कर ली गई है और आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है.