जशपुर: पहाड़ी कोरवा किशोरी का पेड़ से लटका मिला शव, दुष्कर्म की आशंका
जशपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले स्थित बगीचा थाना क्षेत्र में एक 17 वर्षीय विशेष संरक्षित जनजाति की किशोरी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है. शुक्रवार, 31 जुलाई को गांव के समीप ही एक सरई के पेड़ से उसका शव फांसी के फंदे पर लटकता हुआ बरामद किया गया. मृतका गुरुवार की रात गांव में आयोजित एक सगाई कार्यक्रम में शामिल होने गई थी, जिसके बाद से वह लापता थी.
स्थानीय निवासियों के अनुसार, समारोह के दौरान उसे अंतिम बार एक स्थानीय युवक के साथ देखा गया था.
शव मिलने की खबर फैलते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और परिजनों सहित ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि किशोरी के साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया गया है, जिसके बाद ऐसा कदम उठाया गया.
सूचना मिलते ही एसडीओपी दिलीप कोसले, थाना प्रभारी गौरव पांडे और पंडरापाठ चौकी प्रभारी एस.के. सोनवानी की टीम फॉरेंसिक (FSL) विशेषज्ञों के साथ घटनास्थल पर पहुंची. पुलिस ने मौके का मुआयना करते हुए जरूरी साक्ष्य एकत्रित किए और पंचनामा की प्रक्रिया पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है.
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस प्रशासन हर पहलू की बारीकी से पड़ताल कर रहा है. जशपुर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश पाटनवार ने बताया कि फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटा लिए हैं और मामले में निष्पक्ष जांच की जा रही है.
उन्होंने स्पष्ट किया कि मौत की वास्तविक वजह और दुष्कर्म के आरोपों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी. फिलहाल पुलिस संदिग्धों से पूछताछ और फॉरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई में जुटी हुई है.